देहरादून: उत्तराखंड में एक बार फिर से मौसम ने करवट ली. पहाड़ों में ठंडी हवाओं और बदलते मौसम के बीच लोगों को जहां गर्मी से राहत मिल रही है, वहीं मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए बारिश, तेज हवाओं और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है. खासकर पर्वतीय जिलों में मौसम का यह बदला मिजाज पर्यटकों और स्थानीय लोगों दोनों के लिए अहम माना जा रहा है.
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शनिवार को राज्य के कई पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है. इसके अलावा 4500 मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का भी अनुमान है. मौसम विभाग ने कई इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया है. अलर्ट वाले इलाकों में बिजली चमकने और करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग का कहना है कि 17 मई तक प्रदेश में मौसम का यही बदला हुआ रूप बना रह सकता है. बीच-बीच में बादल छाने, हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है. ऊंचाई वाले इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर निचले क्षेत्रों के तापमान पर भी पड़ सकता है, जिससे मौसम उसके मुताबिक ठंडा बना रहेगा. इस कारण मौसम विभाग ने येलो देहरादून समेत उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा, टिहरी और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
मई महीने की शुरुआत से ही उत्तराखंड में मौसम लगातार बदल रहा है. कभी हल्की बारिश तो कभी ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी ने गर्मी के असर को काफी हद तक कम किया है. खासकर मैदानी इलाकों में लोगों को तपती गर्मी से राहत महसूस हुई. बारिश और ठंडी हवाओं का सीधा असर तापमान पर पड़ा, जिससे मौसम सुहावना बना रहा.
शुक्रवार को मौसम साफ होते ही गर्मी ने फिर अपना असर दिखाना शुरू कर दिया. देहरादून में दिनभर तेज धूप खिली रही, जिससे लोगों को गर्मी और उमस का एहसास हुआ. हालांकि शाम के समय हवा चलने के कारण मौसम सुहावना हो गया. मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक देहरादून का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य श्रेणी में रहा.