menu-icon
India Daily

हरिद्वार में कल निर्जला एकादशी पर रिकॉर्ड भीड़ की आशंका, 25 से 28 जून तक लागू रहेगा नो-एंट्री और ट्रैफिक डायवर्जन

निर्जला एकादशी, मोहर्रम और वीकेंड के चलते 25 से 28 जून तक हरिद्वार में भारी भीड़ की संभावना है. प्रशासन ने ट्रैफिक डायवर्जन, नो-एंट्री और विशेष पार्किंग व्यवस्था लागू की है. चलिए जानते हैं और क्या-क्या की गईं हैं व्यवस्थाएं.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
हरिद्वार में कल निर्जला एकादशी पर रिकॉर्ड भीड़ की आशंका, 25 से 28 जून तक लागू रहेगा नो-एंट्री और ट्रैफिक डायवर्जन
Courtesy: Pinterest (Representative image)

हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में जून के अंतिम सप्ताह में एक बार फिर भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है. 25 जून को निर्जला एकादशी स्नान पर्व, 26 जून को मोहर्रम अवकाश और इसके बाद सप्ताहांत होने के कारण लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने का अनुमान लगाया गया है. संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने 25 से 28 जून तक विशेष यातायात और पार्किंग व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है.

हाल ही में सोमवती अमावस्या के अवसर पर करीब 76 लाख श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए हरिद्वार पहुंचे थे. इसी तरह की भीड़ की संभावना को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने पहले से व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू किया जाएगा.

क्या बनाया गया है ट्रैफिक प्लान?

पुलिस द्वारा जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार यातायात का दबाव बढ़ने पर भारी वाहनों को जिले की सीमाओं पर ही रोक दिया जाएगा. दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, पंजाब, हरियाणा, नजीबाबाद, ऋषिकेश और देहरादून से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं.

भीड़ को कैसे किया जाएगा नियंत्रित?

भीड़ बढ़ने की स्थिति में नगला इमरती से वाहनों को डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग और होल्डिंग एरिया में रोका जाएगा. चीला मार्ग का उपयोग केवल ऋषिकेश की ओर जाने वाले वाहनों की निकासी के लिए किया जाएगा. वहीं गुरुकुल कांगड़ी सर्विस लेन, सिंहद्वार और शंकराचार्य चौक के माध्यम से नियंत्रित रूप से वाहनों की एंट्री कराई जाएगी.

दिल्ली, मेरठ और मुजफ्फरनगर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलकनंदा, दीनदयाल, पंतद्वीप और चमगादड़ टापू पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं. नजीबाबाद और मुरादाबाद की ओर से आने वाले छोटे वाहनों को चिड़ियापुर-श्यामपुर-चंडी चौकी मार्ग से शहर में प्रवेश दिया जाएगा, जबकि बड़े वाहनों को गौरीशंकर और नीलधारा पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा.

और क्या-क्या की गईं हैं व्यवस्थाएं?

देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए लालजीवाला, पंतद्वीप और चमगादड़ टापू पार्किंग की व्यवस्था की गई है. भीड़ के दौरान ऑटो, विक्रम और टैक्सी वाहनों की आवाजाही पर भी विशेष प्रतिबंध लागू रहेंगे. ललतारो पुल से शिवमूर्ति चौक तक इन वाहनों के संचालन पर रोक रहेगी.

पुलिस के अनुसार 24 जून की रात 10 बजे से स्नान पर्व समाप्त होने तक हरिद्वार शहर में सभी भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. वहीं 25 जून को सुबह 3 बजे से दिल्ली-मुजफ्फरनगर मार्ग से आने वाली बसों और बड़े यात्री वाहनों को नगला इमरती से डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग भेजा जाएगा.