पहली बार आदि कैलाश मार्ग पर खुलेगी शराब की दुकान, जानें कब से शुरू हो रही यात्रा
पिथौरागढ़ में आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर पहली बार शराब की दुकान खोलने की तैयारी है. 8 मई से यात्रा शुरू होगी. बढ़ती खपत को देखते हुए 113 करोड़ रुपये का राजस्व लक्ष्य तय किया गया है.
पिथौरागढ़: विश्व प्रसिद्ध आदि कैलाश मार्ग पर शराब की दुकान खोलने की तैयारियां जोरों पर हैं. उत्तराखंड के सीमावर्ती जिले पिथौरागढ़ में आबकारी विभाग ने यह फैसला लिया है. आबकारी अधिकारी मोहन सिंह कोरंगा ने बताया कि इस साल कई नई दुकानें खुलने वाली हैं और राजस्व लक्ष्य भी बढ़ा दिया गया है.
महंगाई और घरेलू बजट के दबाव के बावजूद उत्तराखंड के सीमावर्ती जिले पिथौरागढ़ में शराब की खपत लगातार बढ़ रही है. आबकारी विभाग के आंकड़े इस रुझान की पुष्टि करते हैं. विभाग ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए ₹113 करोड़ का राजस्व लक्ष्य निर्धारित किया है और इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं.
विभागीय आंकड़ों से क्या पता चला?
विभागीय आंकड़ों के अनुसार जिले में विदेशी शराब बेचने वाली 36 दुकानें संचालित होंगी, जिनसे ₹96,71,19,701 का राजस्व मिलने का अनुमान है. वहीं देसी शराब बेचने वाली 19 दुकानों से ₹16,28,80,299 की आय होने की उम्मीद है. इस प्रकार दोनों श्रेणियों को मिलाकर कुल ₹113 करोड़ का राजस्व लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण आदि कैलाश मार्ग पर भी शराब की दुकान खोलने की तैयारियां चल रही हैं. धारचूला-लिपुलेख राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित तवाघाट में विदेशी शराब बेचने वाली एक दुकान खोलने का प्रस्ताव है. यह पहली बार होगा जब इस क्षेत्र में कोई शराब की दुकान संचालित होगी.
कब से शुरू होगी तीर्थयात्रा?
प्रसिद्ध आदि कैलाश तीर्थयात्रा इस साल 8 मई से शुरू होने वाली है. कुमाऊं मंडल विकास निगम यानी KMVN द्वारा आयोजित यह तीर्थयात्रा, इस बार तीन अलग-अलग स्थानों से संचालित की जाएगी. श्रद्धालु हल्द्वानी, टनकपुर और धारचूला से इस तीर्थयात्रा में शामिल हो सकेंगे.
राजस्व लक्ष्य में कितने की हुई बढ़ोतरी?
इस बार शराब की दुकानों का आवंटन दो साल की अवधि (2026–27 और 2027–28) के लिए किया जाएगा. आबकारी विभाग लॉटरी प्रणाली के माध्यम से दुकानों का आवंटन करेगा. वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए विभाग ने ₹109 करोड़ का लक्ष्य निर्धारित किया था, जिसे सफलतापूर्वक प्राप्त कर लिया गया था. नए वित्तीय वर्ष के लिए लक्ष्य में ₹4 करोड़ की वृद्धि की गई है.
पिथौरागढ़ के आबकारी निरीक्षक मोहन सिंह कोरंगा बताते हैं कि आगामी वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए जिले हेतु ₹113 करोड़ का राजस्व लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जो देसी और विदेशी, दोनों प्रकार की शराब बेचने वाली दुकानों से प्राप्त किया जाएगा. इसके अलावा कई नई दुकानें खोलने का भी प्रस्ताव है.