देहरादून: देहरादून में वीकेंड के दौरान कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस ने देर रात सघन चेकिंग अभियान चलाया. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर शहर के अलग अलग इलाकों में पुलिस की कई टीमें सड़कों पर उतरीं. अभियान के दौरान रात में घूम रहे 500 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई. इनमें से 53 संदिग्ध लोगों को थाने लाकर पूछताछ और सत्यापन की कार्रवाई की गई.
पुलिस के अनुसार संदिग्धों का आवश्यक सत्यापन करने के बाद 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई की गई. पुलिस ने बताया कि अभियान का उद्देश्य रात के समय होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखना और शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना था.
शनिवार देर रात पुलिस की टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अचानक चेकिंग शुरू की. पुलिसकर्मियों ने सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर देर रात घूम रहे लोगों से उनकी पहचान और वहां मौजूद होने की वजह के बारे में जानकारी ली.
500 से अधिक लोगों से पूछताछ के बाद 53 संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाया गया. पुलिस ने उनकी जानकारी का सत्यापन किया और नियमों के तहत कार्रवाई की.
नाइट चेकिंग के दौरान पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले 15 वाहन चालकों को अलग अलग थाना क्षेत्रों से गिरफ्तार किया. पुलिस ने इन चालकों के वाहनों को भी सीज कर दिया.
पुलिस का कहना है कि नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए लगातार जारी रहेगी.
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई. पुलिस ने एमवी एक्ट के तहत 36 वाहनों के चालान किए और 32 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला.
इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 46 वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई और 23 वाहनों को सीज किया गया.
देहरादून पुलिस ने बताया कि वीकेंड पर इस तरह के अभियान का उद्देश्य संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ नशे में वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई करना है.