menu-icon
India Daily

कांवड़ मेले के बाद कृष्ण जन्मभूमि के लिए होगा बड़ा अभियान, संत समाज ने किया ऐलान

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने कांवड़ मेला समाप्त होने के बाद श्रीकृष्ण जन्मभूमि, मथुरा के लिए कार सेवा अभियान शुरू करने का ऐलान किया है. संत समाज ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव को भी इसमें शामिल होने का निमंत्रण देने की बात कही है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
कांवड़ मेले के बाद कृष्ण जन्मभूमि के लिए होगा बड़ा अभियान, संत समाज ने किया ऐलान
Courtesy: social media

श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर संत समाज ने अपने अगले बड़े अभियान का संकेत दिया है. अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी ने कहा कि कांवड़ मेले के बाद कार सेवा की तारीख घोषित की जाएगी. इस अभियान में देशभर के संतों की भागीदारी रहेगी.

कांवड़ मेले के बाद होगा कार सेवा का ऐलान

हरिद्वार में निरंजनी अखाड़े में आयोजित बैठक के दौरान श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और इसे लेकर संत समाज एकजुट होकर आगे बढ़ेगा. उन्होंने बताया कि कांवड़ मेला समाप्त होने के बाद कार सेवा की तिथि घोषित की जाएगी. इस अभियान में विभिन्न अखाड़ों के आचार्य, महामंडलेश्वर और संत-महंत शामिल होंगे.

राहुल गांधी और अखिलेश यादव को भी मिलेगा निमंत्रण

श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी ने कहा कि कार सेवा कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी शामिल होने का निमंत्रण भेजा जाएगा. श्री चित्रगुप्त पीठ, वृंदावन के पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी सच्चिदानंद ने बताया कि नई दिल्ली स्थित भैरव मंदिर से श्रीकृष्ण जन्मभूमि, मथुरा तक कार सेवा यात्रा निकालने की योजना बनाई जा रही है.

कांवड़ मेले और कुंभ कार्यों की तैयारियां तेज

इधर प्रशासन ने कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर सभी विभागों को 20 जुलाई तक सड़क और अन्य निर्माण कार्य पूरे करने के निर्देश दिए हैं. डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने पर जोर दिया. वहीं कुंभ मेलाधिकारी सोनिका ने कांवड़ मेला समाप्त होते ही हरकी पैड़ी और आसपास के पुनर्विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए.