अलकनंदा और भागीरथी का संगम, जहां से शुरू होती है गंगा की पवित्र धारा; जानिए देवप्रयाग का दिव्य रहस्य
उत्तराखंड का देवप्रयाग वह पवित्र स्थल है, जहां अलकनंदा और भागीरथी नदियों का संगम होता है और यहीं से नदी गंगा के नाम से आगे बढ़ती है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यह स्थान पंच प्रयागों में सबसे प्रमुख माना जाता है.
उत्तराखंड की देवभूमि में कई ऐसे तीर्थ हैं, जिनका धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व सदियों से बना हुआ है. इन्हीं में सबसे विशेष स्थान है देवप्रयाग, जहां अलकनंदा और भागीरथी नदियां एक दूसरे से मिलती हैं. इस पवित्र संगम के बाद यही जलधारा गंगा के नाम से आगे बढ़ती है. यही वजह है कि देवप्रयाग को देश के सबसे पवित्र संगम स्थलों में गिना जाता है. प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम देवप्रयाग को विशेष पहचान देता है.
हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां संगम स्नान और मंदिरों के दर्शन के लिए पहुंचते हैं. पौराणिक मान्यताओं के अनुसार दो नदियों का मिलन आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है और ऋषि मुनि भी ऐसे ही संगम स्थलों पर तपस्या किया करते थे.
यहीं से शुरू होती है मां गंगा की धारा
देवप्रयाग में तेज प्रवाह वाली भागीरथी और शांत स्वभाव की अलकनंदा एक दूसरे से मिलती हैं. संगम के बाद यही धारा गंगा कहलाती है. गढ़वाल क्षेत्र में भागीरथी को 'सास' और अलकनंदा को 'बहू' कहा जाता है. स्थानीय मान्यता है कि दोनों नदियों के अलग अलग स्वभाव के कारण उन्हें यह नाम मिला. संगम तट पर स्थित रघुनाथ मंदिर और शिव मंदिर यहां आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं.
Also Read
पंच प्रयागों में सबसे अधिक महत्व क्यों रखता है देवप्रयाग
उत्तराखंड के पांच पवित्र संगम स्थल पंच प्रयाग के नाम से प्रसिद्ध हैं, लेकिन इनमें देवप्रयाग का स्थान सबसे खास माना जाता है क्योंकि यहीं से गंगा का स्वरूप शुरू होता है. धार्मिक ग्रंथों में इसे अत्यंत पुण्यदायी तीर्थ बताया गया है. यहां स्नान और पूजा अर्चना करने का विशेष महत्व माना जाता है. इसी कारण चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु भी देवप्रयाग में दर्शन के लिए रुकते हैं.
पंच प्रयाग की परंपरा भी बनाती है इसे खास
देवप्रयाग के अलावा रुद्रप्रयाग में अलकनंदा और मंदाकिनी का संगम है. कर्णप्रयाग में अलकनंदा और पिंडर नदी मिलती हैं. नंदप्रयाग अलकनंदा और नंदाकिनी के संगम के लिए प्रसिद्ध है, जबकि विष्णुप्रयाग में अलकनंदा और विष्णुगंगा का मिलन होता है. ये पांचों प्रयाग उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा माने जाते हैं.
मुख्यमंत्री धामी ने साझा की देवप्रयाग की तस्वीर
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर देवप्रयाग की मनमोहक वीडियो को शेयर किया है. साथ ही उन्होंने लिखा, 'अलकनंदा एवं भागीरथी नदी का पावन संगम स्थल देवप्रयाग.' मुख्यमंत्री की इस पोस्ट को लोगों ने देवभूमि की आध्यात्मिक पहचान और प्राकृतिक सुंदरता से जोड़कर सराहा.
आस्था के साथ प्रकृति का भी अद्भुत संगम
देवप्रयाग केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि अपनी प्राकृतिक छटा के लिए भी प्रसिद्ध है. ऊंचे पहाड़ों के बीच दो अलग अलग रंग की नदियों का मिलन यहां आने वाले हर व्यक्ति को आकर्षित करता है. यही दृश्य देवप्रयाग को उत्तराखंड के सबसे खूबसूरत और श्रद्धा से जुड़े स्थलों में शामिल करता है.