शुगर मिल में सफाई करते समय अचानक चालू हो गई मशीन, मिक्सर में फंसे 3 मजदूर; एक की दर्दनाक मौत

देहरादून के डोईवाला शुगर मिल में मैग्मा मिक्सर मशीन की सफाई के दौरान अचानक मशीन चालू होने से तीन मजदूर उसमें फंस गए. हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई जबकि दो घायल हो गए. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Pinterest
Km Jaya

देहरादून: डोईवाला चीनी मिल में एक मैग्मा मिक्सर मशीन की सफाई के दौरान, मशीन अचानक चालू हो गई, जिससे उसके अंदर काम कर रहे तीनों मजदूर फंस गए. इस दुर्घटना में तीनों मजदूर घायल हो गए. तीनों घायल लोगों को डोईवाला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें आगे के इलाज के लिए जॉली ग्रांट स्थित हिमालयन अस्पताल भेज दिया गया.

वहां डॉक्टरों ने तीनों में से एक मजदूर को मृत घोषित कर दिया. बाकी दो घायल मजदूरों का इलाज किया गया और बाद में उन्हें छुट्टी दे दी गई. ये तीनों मजदूर चीनी मिल में काम करने वाले एक निजी ठेकेदार के कर्मचारी थे. इस घटना के बाद अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि मशीन किसने चालू की थी. चीनी मिल के फैक्ट्री मैनेजर ने इस मामले की सूचना पुलिस को दे दी है.

कब हुआ हादसा?

पेराई का सीजन खत्म होने के बाद डोईवाला चीनी मिल में फिलहाल मशीनों की सफाई का काम चल रहा है. पिछले शुक्रवार को शाम करीब 4:00 बजे जगमोहन, अरुण और घनश्याम मिल में मशीनों की सफाई कर रहे थे. अचानक किसी ने मशीन चालू कर दी, जिससे तीनों मजदूर उसके अंदर फंस गए. तीनों में से 26 वर्षीय घनश्याम जो हरदोई का रहने वाला था. तुरंत मशीन से कूदकर बाहर निकलने में कामयाब रहा.

उसके पैर में चोट लगी. हालांकि 28 वर्षीय जगमोहन और 23 वर्षीय अरुण मशीन के अंदर ही फंसे रह गए. बाद में मशीन को बंद किया गया और उन्हें बाहर निकाला गया. तीनों घायल लोगों को डोईवाला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने उन्हें आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया और गंभीर रूप से घायल जगमोहन जो उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के कठेथा गांव का रहने वाला और रामकुमार का बेटा था. उसको मृत घोषित कर दिया.

किसने चालू की मशीन?

इस बीच अरुण के पैरों में गंभीर चोटें आने के कारण उसे कई टांके लगाने पड़े. डोईवाला शुगर मिल के फैक्ट्री मैनेजर आशुतोष अग्निहोत्री ने बताया कि वे तीनों युवक एक प्राइवेट कॉन्ट्रैक्टर के कर्मचारी थे और मैग्मा मिक्सर मशीन की सफाई करते समय इस हादसे का शिकार हो गए. जिसके बाद तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया. किसने मशीन चालू की थी, इस बात का पता किया जा रहा है.

मैग्मा मिक्सर मशीन क्या है?

शुगर मिल में मैग्मा मिक्सर एक खास तरह की इंडस्ट्रियल मशीन होती है, जिसका इस्तेमाल गाढ़े मैग्मा यानी चीनी क्रिस्टल और मोलासेस का मिश्रण को अच्छी तरह से मिलाने और एक जैसा बनाने के लिए किया जाता है.

यह मशीन ज्यादा गाढ़े पदार्थों को संभालने में सक्षम होती है और बहुत तेज गति से चलती है. यह मशीन एक U-आकार के ड्रम के अंदर लगी एक मोटी लोहे की रॉड से जुड़े मजबूत ब्लेड की मदद से मिलाने का काम करती है.