Weather IMD

रील बनाओ, वायरल हो जाओ... फिर पहुंचो हवालात! देहरादून में युवाओं पर पुलिस की सख्ती

देहरादून में इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने की चाह युवाओं को खतरनाक हरकतों की ओर धकेल रही है. तेज रफ्तार वाहन, सड़क पर स्टंट और शराब की रील के मामले बढ़ रहे हैं. पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है.

Pinterest
Meenu Singh

देहरादून में इंटरनेट मीडिया पर कुछ सेकेंड की वीडियो को वायरल कराने की होड़ अब युवाओं के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है. लाइक और व्यूज पाने के लिए कई युवा तेज रफ्तार वाहन चलाने, स्टंट करने और शराब पीते हुए वीडियो बनाने से भी नहीं झिझक रहे हैं. वायरल होने के बाद मिलने वाली लोकप्रियता के सामने उन्हें नियम और सुरक्षा दोनों छोटे लग रहे हैं. पुलिस के लिए भी ऐसे मामलों पर लगाम लगाना लगातार चुनौती बन रहा है.

रील के लिए सड़क पर जोखिम

शहर से लेकर पर्यटक स्थलों तक रील बनाने का चलन तेजी से बढ़ा है. कई युवा चलती बाइक और कार से स्टंट करते हुए वीडियो रिकॉर्ड करते हैं. इससे यातायात नियम टूटने के साथ सड़क पर दूसरे लोगों की जान भी खतरे में पड़ती है. पुलिस के अनुसार, रोजाना एक दो ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें वायरल होने की कोशिश करने वाले युवाओं को बाद में पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ता है.

थार में हुड़दंग पड़ा भारी

शुक्रवार को वायरल हुए एक वीडियो में युवक युवतियां तेज रफ्तार थार में हुड़दंग करते दिखाई दिए. वाहन में सवार दो युवतियां सनरूफ से बाहर निकलकर सिगरेट पी रही थीं. पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेकर जांच शुरू की और थार को सीज कर दिया. चालक सोनू कुमार निवासी रायपुर और दोनों युवतियों को हिरासत में लिया गया.


मैच के बाद शराब की रील

राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में मैच के बाद तीन युवक शराब पीते हुए वीडियो बनाते नजर आए. वीडियो इंटरनेट मीडिया पर फैलने के बाद रायपुर थाना पुलिस ने तीनों को हिरासत में लिया और उनके खिलाफ कार्रवाई की. ये युवक हरियाणा से मैच देखने देहरादून पहुंचे थे. पुलिस कार्रवाई के साथ उन्हें भविष्य में मैचों में प्रवेश से प्रतिबंधित भी किया गया है.

पुलिस ने बढ़ाई सख्ती

रील के लिए सड़क पर नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई पुलिस के लिए लगातार चुनौती बनी हुई है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने सभी थानाध्यक्षों को सड़कों पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. पुलिस का कहना है कि इंटरनेट मीडिया पर सामने आने वाले वीडियो की निगरानी कर आरोपितों की पहचान की जा रही है और नियम तोड़ने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा.