West Bengal Assembly Election 2026 US Israel Iran War

दोस्त बने कातिल... पहले की पार्टी फिर पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, 65 किलोमीटर दूर रेत में छुपाई लाश

देहरादून के वसंत विहार इलाके से लापता युवक की उसके चार दोस्तों ने बेसबॉल बैट से हत्या कर दी. फंसने के डर से शव को टैक्सी में ले जाकर हरिद्वार के चिड़ियापुर क्षेत्र में रेत में दबा दिया गया. पुलिस ने शव बरामद कर एक टैक्सी चालक को गिरफ्तार किया है.

Grok
Babli Rautela

देहरादून के वसंत विहार क्षेत्र से 28 साल के दिगंबर धीमान के लापता होने की सूचना 11 फरवरी को पुलिस को मिली थी. उनके पिता संतराम धीमान ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उनका बेटा 9 फरवरी को घर से निकला था और वापस नहीं लौटा. इस पर वसंत विहार पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की गई. जांच के दौरान पुलिस ने दिगंबर के मोबाइल की कॉल डिटेल निकाली. इसमें सामने आया कि उसके कुछ करीबी दोस्त भी घरों से गायब थे. सभी अक्सर साथ बैठकर शराब पीते थे. पुलिस को जानकारी मिली कि 9 फरवरी की रात रेसकोर्स क्षेत्र के एक कमरे में दिगंबर अपने दोस्तों के साथ मौजूद था.

पुलिस जांच में सामने आया कि रात करीब आठ बजे शराब के नशे में दिगंबर और उसके दोस्तों के बीच विवाद हो गया. बहस इतनी बढ़ी कि चार दोस्तों ने बेसबॉल बैट से उसके सिर पर हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

टैक्सी से शव ले जाकर दफनाया

घटना के बाद आरोपी घबरा गए. उन्होंने एक टैक्सी बुक की और शव को कंबल में लपेटकर 65 किलोमीटर दूर हरिद्वार के चिड़ियापुर क्षेत्र में ले गए. वहां जंगल के पास रेत में शव को दबा दिया और देर रात वापस देहरादून लौट आए. पुलिस ने संदिग्ध टैक्सी चालक राजनंदन को हिरासत में लेकर पूछताछ की. उसकी निशानदेही पर चिड़ियापुर के जंगल से शव बरामद किया गया. शव छिपाने में मदद करने के आरोप में चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है. चारों मुख्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं.

खून के धब्बों ने खोला राज

रेसकोर्स स्थित कमरे में पुलिस को खून के निशान मिले. फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए. कमरे से कुछ सामान भी बरामद किया गया है. जांच के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ. एसएसपी Pramendra Dobhal ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है. पुलिस अब बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रही है.