'मेरी लिंचिंग करवाना चाहती थीं प्रियंका गांधी', 5 साल पुराने मामले में रवनीत बिट्टू ने कांग्रेस महासचिव पर लगाए गंभीर आरोप
केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पांच साल पुराने मामले में अब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाने वाले हैं. इसे लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है.
नई दिल्ली: केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पिछले कुछ दिनों से फोकस में है. संसद के बाहर कांग्रेस नेता राहुल गांधी से हाथ ना मिलाने के बाद पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनपर जमकर हमला बोला था. हालांकि इसके बाद बिट्टू ने भी कांग्रेस और पार्टी के नेताओं के खिलाफ बड़े बयान दिए हैं. दोनों ओर से तनाव बढ़ता जा रहा है. इसी क्रम में बिट्टू आज कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के खिलाफ एक औपचारिक शिकायत दर्ज करवाएंगे
रवनीत सिंह बिट्टू पांच साल पहले किसान आंदोलन के दौरान घटी घटना की जांच के लिए शिकायत दर्ज करवाने वाले हैं. इस दौरान बिट्टू को प्रदर्शन कर रहे किसानों के बीच भेज गया था और उसी वक्त उनपर जानलेवा हमला किया गया था. मीडिया को दिए इंटरव्यू में उन्होंने गंभीर आरोप लगाए हैं.
क्या है बिट्टू के आरोप?
बिट्टू ने कहा कि उस समय उनके प्रति किसान आक्रोशित थे. सब को पता था कि उस दिन कुछ भी हो सकता था फिर भी मुझे वहां भेजा गया. उन्होंने प्रियंका गांधी के इस फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसके पीछे उनकी क्या मंशा थी? क्या वह कोई बड़ी घटना करवाना चाहती थी.
उस घटना को याद करते हुए बिट्टू ने कहा कि वह और एक विधायक कुलबीर जीरा उस दिन किसानों की भीड़ में लिंच होने ही वाले थे. लेकिन जैसे-तैसे बचें. अब इसका घटना की जांच की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि वह घटना उनके खिलाफ पहले से ही डिजाइन किया गया था ताकी इसे एक बड़े राजनीतिक मुद्दे का रूप दिया जा सके.
राहुल गांधी और बिट्टू के बीच बिगड़ी बात
राहुल गांधी और पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बिट्टू को संसद के बाहर हाथ ना मिलाने पर विरोध जताते हुए उन्हें गद्दार कहा था. इस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसी बातें कह कर अपने पद की गरिमा गिरा ली है. बिट्टू ने दूसरे पार्टी से कांग्रेस में शामिल हुए नेताओं के बारे में सवाल करते हुए कहा कि कई सांसद दूसरी पार्टी से उनकी पार्टी में आए हैं. ऐसे में क्या यह माना जा सकता है कि उनके नेता भी गद्दार है.
हालांकि बिट्टू के इन आरोपों को कांग्रेस ने पूरी तरह से नकार दिया है और इसे एक राजनीतिक नौटंकी बताया है. पंजाब के नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह ने बिट्टू के इस एक्शन पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतने सालों बाद यह मुद्दा उठाने का क्या मतलब है? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि लगता है शायद उनकी याददाशत अचानक लौट गई है.