उत्तराखंड के मालसी जू में सफेद बाग बना आकर्षण का केंद्र, CM धामी ने किया बाड़े का उद्घाटन; कॉलेज छात्रों को मिलेगी मुफ्त एंट्री

देहरादून के मालसी जू में सफेद बाघ तेजस पर्यटकों के आकर्षण का नया केंद्र बनेगा. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसके बाड़े का उद्घाटन किया और कॉलेज छात्रों को मुफ्त प्रवेश देने की घोषणा की.

@pushkardhami
Sagar Bhardwaj

उत्तराखंड में वन्यजीव पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए देहरादून के मालसी जू में सफेद बाघ 'तेजस' को लाया गया है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार, 19 नवंबर को बाघ के बाड़े का उद्घाटन कर इसे पर्यटकों को समर्पित किया. उत्तराखंड में पहली बार सफेद बाघ के आने से मालसी जू का आकर्षण बढ़ने की उम्मीद है. मुख्यमंत्री ने कहा कि तेजस के आने से चिड़ियाघर में पर्यटकों को वन्यजीव देखने का एक नया अनुभव मिलेगा. इससे देहरादून आने वाले पर्यटकों के लिए एक और आकर्षण जुड़ गया है. इससे पहले भी यहां अन्य प्रजातियों के दो बाघ लाए गए थे, जिनसे पर्यटकों की दिलचस्पी बढ़ी थी.

हर साल 8.5 लाख पर्यटक पहुंचते हैं मालसी जू

देहरादून का मालसी जू उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है. यहां हर साल करीब 8.5 लाख पर्यटक पहुंचते हैं. चिड़ियाघर से सालाना 7 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व भी मिलता है. सफेद बाघ के आने से पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद जताई जा रही है. इससे पर्यटन से जुड़ी आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है.

कॉलेज छात्रों को भी मिलेगी मुफ्त एंट्री

वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण के प्रति युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री धामी ने कॉलेज के विद्यार्थियों को भी मालसी जू में मुफ्त प्रवेश देने की घोषणा की. इससे पहले बच्चों के लिए भी मुफ्त प्रवेश की सुविधा शुरू की जा चुकी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि चिड़ियाघर केवल मनोरंजन और पर्यटन का केंद्र नहीं है, बल्कि यह वन्यजीवों, जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है. मुफ्त प्रवेश से विद्यार्थियों को प्रकृति और वन्यजीवों को करीब से जानने का अवसर मिलेगा. इससे उनमें पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित होगी.


पर्यावरण और विकास के बीच संतुलन पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक और पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील राज्य है. यहां के जंगल, जैव विविधता और प्राकृतिक संसाधन अनमोल हैं. प्राकृतिक आपदाओं की चुनौतियों को देखते हुए विकास कार्यों के साथ पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना जरूरी है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अर्थव्यवस्था और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाकर विकास करने के लिए प्रतिबद्ध है. जंगलों और जैव विविधता का संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है. मालसी जू जैसे केंद्र पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने में भी अहम भूमिका निभाते हैं.

कार्यक्रम में ये अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर वन मंत्री सुबोध उनियाल, वन विभाग के प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, प्रमुख मुख्य वन संरक्षक (HoFF) कपिल लाल और वन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.