देहरादून में स्वाइन फ्लू-कोविड के बाद अब डेंगू का अटैक, संक्रमितों का आंकड़ा 300 के पार; अलर्ट जारी

देहरादून में स्वाइन फ्लू, कोविड 19 और डेंगू के नए मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ी है. सोमवार को एच1एन1 के आठ, कोविड के दो और डेंगू के आठ नए मरीज मिले.

Pinterest
Reepu Kumari

देहरादून में मौसम के बीच संक्रमण से जुड़ी तस्वीर स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता बढ़ाने वाली है. सोमवार को जिले में स्वाइन फ्लू यानी एच1एन1 के लिए 71 सैंपल लिए गए, जिनमें आठ लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई. इनमें चार मरीज देहरादून और चार अन्य जिलों के हैं. इसी दिन कोविड 19 के 40 सैंपल की जांच हुई, जिनमें दो लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई. दोनों में एक मरीज देहरादून का और दूसरा दूसरे जिले का है.

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, एच1एन1 के आठ नए मरीज मिलने के बाद अब तक कुल संक्रमितों की संख्या 336 हो गई है. राहत यह है कि आठ मरीज उपचार के बाद स्वस्थ भी हुए हैं. कोविड के मामलों की कुल संख्या 43 है और चार मरीज फिलहाल अस्पताल में उपचार करा रहे हैं. सोमवार को एक कोविड मरीज स्वस्थ हुआ. अब तक कोविड संक्रमण से किसी मौत की सूचना नहीं मिली है.

बुजुर्गों में संक्रमण का आंकड़ा ज्यादा

एच1एन1 के कुल 336 मरीजों में 61 से 70 वर्ष की उम्र वाले लोग सबसे अधिक प्रभावित हैं. इस आयु वर्ग में 58 मरीज मिले हैं. इसके बाद 51 से 60 वर्ष के 57 मरीज हैं. 21 से 30 वर्ष के 37, 41 से 50 वर्ष के 34 और 71 से 80 वर्ष के 31 मरीज सामने आए हैं. संक्रमितों में 185 पुरुष और 151 महिलाएं शामिल हैं.


डेंगू के नए मरीजों से बढ़ी सक्रिय मामलों की संख्या

देहरादून में सोमवार को डेंगू के आठ नए मरीजों की पुष्टि हुई. इनमें चार देहरादून और चार अन्य जिलों के हैं. वहीं, आठ मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो गए. फिलहाल 11 मरीज अलग अलग अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं. जिले में अब तक डेंगू के कुल 138 मामले सामने आ चुके हैं. इनमें 127 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं. डेंगू से भी अब तक किसी मौत की सूचना दर्ज नहीं हुई है.

804 सैंपल जांचे, घर घर निगरानी जारी

डेंगू की स्थिति पर नजर रखने के लिए सोमवार को 804 सैंपल लिए गए. रोकथाम अभियान के तहत आशा कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों ने 13,010 घरों का सर्वे किया. इस दौरान 71,515 कंटेनरों की जांच की गई, जिनमें 274 कंटेनरों में मच्छरों का लार्वा मिला. वहीं, चिकनगुनिया के चार नए मामले सामने आए हैं और कुल संख्या 82 हो गई है. संक्रमण की निगरानी के साथ विभाग बचाव के उपायों पर भी नजर बनाए हुए है.