नशा मुक्त भारत अभियान गांवों तक पहुंचा, 80 हजार से ज्यादा युवाओं ने लिया संकल्प

MY भारत और NSS के नशा मुक्त युवा अभियान के तहत देशभर के गांवों में पारंपरिक खेल, सफाई और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित हुए. इनमें 80 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया.

@ddnewsshillong
Sagar Bhardwaj

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के MY भारत और राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) ने नशा मुक्त युवा अभियान का विस्तार कॉलेजों से गांवों तक किया है. इसके छठे सप्ताह में देशभर में ‘ग्राम सेवा एवं पारंपरिक खेल दिवस’ मनाया गया. इस दौरान 160 से अधिक संस्थानों और उनके गोद लिए गांवों में कार्यक्रम आयोजित हुए. इनमें 80 हजार से ज्यादा युवा, पंचायत प्रतिनिधि, बुजुर्ग और ग्रामीण शामिल हुए.

फिटनेस और नशे से दूरी का संदेश

इस बार अभियान की थीम ‘फिट युवा, नशा-मुक्त युवा (शक्ति एवं सेवा)’ रही. NSS इकाइयों ने गांवों में कबड्डी, खो-खो, रस्साकशी और कुश्ती जैसी पारंपरिक प्रतियोगिताएं कराईं. इनमें 21,500 से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया. इन गतिविधियों के जरिए युवाओं को खेल और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया.

सफाई और पौधारोपण में ग्रामीणों ने लिया हिस्सा

ग्राम सेवा के तहत NSS स्वयंसेवकों ने पंचायतों के साथ मिलकर गलियों की सफाई की. कुओं और हैंडपंपों के आसपास स्वच्छता अभियान चलाने के साथ पौधे भी लगाए गए. इन कार्यों में 19,800 से ज्यादा लोगों ने श्रमदान किया. इसका उद्देश्य सामुदायिक सेवा और स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाना रहा.


29,500 से ज्यादा युवतियों की भागीदारी

अभियान में महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही. खेल और सेवा गतिविधियों में 29,500 से अधिक युवा महिलाओं ने हिस्सा लिया. वहीं, स्वस्थ जीवन और नशा मुक्ति को लेकर आयोजित जागरूकता संवाद में 18,600 लोग शामिल हुए.

सोशल मीडिया पर भी चला अभियान

अभियान को सोशल मीडिया के जरिए भी आगे बढ़ाया गया. युवाओं ने NashaMuktYuva हैशटैग के साथ 4,000 से ज्यादा पोस्ट साझा कीं. इन पोस्ट के माध्यम से गांवों में हुई गतिविधियों और नशा मुक्त जीवन के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का प्रयास किया गया.