देहरादून की महिलाओं और लड़कियों के लिए बहुत अच्छी खबर है. शहर में जल्द ही उत्तराखंड का पहला पिंक पार्क बनने वाला है. यह पार्क सिर्फ एक सामान्य पार्क नहीं होगा, बल्कि महिलाओं और 10 साल तक के बच्चों के लिए पूरी तरह सुरक्षित और आरामदायक जगह बनेगा. यहां आप बिना किसी डर, टोक-टोक या जजमेंट के घूम सकेंगी, किताबें पढ़ सकेंगी, दोस्तों के साथ वॉक कर सकेंगी और अपनी सेहत का ख्याल रख सकेंगी.
दून शहर में भीड़-भाड़ और शोर-शराबे से दूर महिलाओं को एक शांत, सुरक्षित और खुलकर घूमने-फिरने की जगह की जरूरत महसूस हो रही थी. नगर निगम ने मेयर सौरभ थपलियाल के निर्देश पर इसकी शुरुआत कर दी है. नगर निगम की टीम बड़े और अच्छे इलाके में जमीन की तलाश कर रही है. ढाई से तीन बीघा जमीन मिलने पर यहां पिंक पार्क बनाया जाएगा. अगर एक जगह बड़ी जमीन न मिली तो पुराने पार्क को भी पिंक पार्क में बदलने का प्लान है.
पूरा स्टाफ सिर्फ महिलाएं होंगी (सुरक्षा गार्ड, माली आदि)
खूबसूरत पिंक वॉकवे और ट्रैक
ओपन जिम की सुविधा
टेबल टेनिस, कैरम, बैडमिंटन जैसी इंडोर गेम्स
खास पिंक लाइब्रेरी और रीडिंग स्पेस (शांत जगह पर किताबें पढ़ने के लिए)
बच्चों (10 साल तक) के साथ महिलाओं को एंट्री
साफ-सुथरे टॉयलेट की व्यवस्था
वर्तमान में विजय पार्क और इंदिरा नगर इलाकों में जमीन का सर्वे चल रहा है. शहर के मध्य में होने से कॉलेज स्टूडेंट्स, वर्किंग वुमन और लड़कियों के लिए पहुंचना आसान रहेगा. पार्क को गुलाबी रंग के खूबसूरत फूलों से सजाया जाएगा. विभिन्न प्रकार के पेड़-पौधे लगाए जाएंगे. सुबह-शाम घूमने के लिए आकर्षक वॉकिंग ट्रैक बनाया जाएगा. पूरा माहौल महिलाओं को सुकून और आत्मविश्वास देने वाला होगा.
नगर निगम उम्मीद कर रहा है कि अगले महीने जमीन फाइनल हो जाएगी और काम शुरू हो जाएगा. यह पार्क महिलाओं को बिना किसी डर के घूमने-फिरने, व्यायाम करने और दोस्तों के साथ समय बिताने का सुरक्षित माहौल देगा. देहरादून की महिलाओं के लिए यह एक बड़ी सौगात साबित होने वाला है.