menu-icon
India Daily

5 साल पूरे होने पर उत्तराखंड में मनाया जाएगा सेवा सप्ताह, सरकार गिनाएगी विकास और जनकल्याण की उपलब्धियां

उत्तराखंड सरकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पांच वर्ष पूरे होने पर 4 जुलाई से राज्यभर में सेवा सप्ताह आयोजित करेगी. इस दौरान विकास कार्यों, जनकल्याण योजनाओं और लाभार्थी केंद्रित कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को विभिन्न सरकारी सेवाओं से जोड़ा जाएगा.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
5 साल पूरे होने पर उत्तराखंड में मनाया जाएगा सेवा सप्ताह, सरकार गिनाएगी विकास और जनकल्याण की उपलब्धियां
Courtesy: ANI

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पांच साल के कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर उत्तराखंड सरकार राज्यभर में सेवा, सुशासन एवं समर्पण विषय पर विशेष सेवा सप्ताह आयोजित करने जा रही है. यह कार्यक्रम 4 जुलाई से शुरू होगा और पूरे प्रदेश में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा. साथ ही पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, जनजागरूकता बढ़ाने और विभागीय सेवाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने पर विशेष जोर रहेगा.

राज्यभर में होंगे विशेष कार्यक्रम

सरकार ने सेवा सप्ताह को जनभागीदारी से जोड़ने की तैयारी की है. सभी जिलों में प्रभारी मंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा नामित प्रतिनिधियों की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित होंगे. मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी करते हुए कार्यक्रमों की तैयारी समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं.

हर दिन रहेगा अलग विषय

सेवा सप्ताह के सातों दिन अलग अलग विषयों पर आधारित गतिविधियां आयोजित होंगी. पहले दिन रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास पर ध्यान रहेगा. इसके बाद नई योजनाओं का क्रियान्वयन, आधारभूत ढांचे का विकास, उद्योग, एमएसएमई, कृषि, महिला सशक्तिकरण, युवा, सैनिक कल्याण, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

लाभार्थियों तक पहुंचेगी योजनाएं

जिलों में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां पात्र नागरिकों के आवेदन और पंजीकरण की व्यवस्था रहेगी. कौशल विकास, महिला एवं बाल विकास, ग्राम्य विकास सहित कई विभाग अपनी योजनाओं की जानकारी देंगे. सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है.

जनसेवा शिविरों पर रहेगा विशेष जोर

सेवा सप्ताह के दौरान चिकित्सा शिविर, महिलाओं और बालिकाओं के लिए स्वास्थ्य जांच, दिव्यांगजनों को सहायता उपकरण वितरण तथा अन्य जनहित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. जिला मुख्यालयों में मैराथन, खेल प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन होगा, जिससे आम लोगों की सहभागिता बढ़ाई जा सके.

उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की तैयारी

सरकार पिछले पांच वर्षों में हुए विकास कार्यों और योजनाओं की जानकारी साहित्य वितरण तथा प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों तक पहुंचाएगी. राजस्व विभाग लंबित मामलों के समाधान के लिए विशेष लोक अदालत आयोजित करेगा. सरकार का मानना है कि सेवा सप्ताह जनसंपर्क, जनसेवा और सुशासन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा.