menu-icon
India Daily

'नैनीताल आएं तो कैंची धाम जरूर जाएं', बाबा नीम करोली महाराज की शरण में पहुंचे सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जिले के प्रसिद्ध कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीम करोली महाराज जी के दर्शन और पूजन किए. उन्होंने सोशल मीडिया 'X' पर वीडियो पोस्ट करते हुए कैंची धाम को लाखों श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का केंद्र बताया.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
'नैनीताल आएं तो कैंची धाम जरूर जाएं', बाबा नीम करोली महाराज की शरण में पहुंचे सीएम धामी
Courtesy: @pushkardhami X Account

नैनीताल: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूजनीय बाबा नीम करोली महाराज जी के पवित्र कैंची धाम पहुंचकर दर्शन और पूजन किए. इस दौरान उन्होंने बाबा नीम करोली महाराज का आशीर्वाद लिया और प्रदेश की सुख शांति एवं समृद्धि की कामना की. मुख्यमंत्री ने कैंची धाम से जुड़ा एक वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी पोस्ट किया और श्रद्धालुओं से इस पवित्र स्थल के दर्शन करने की अपील की.

मुख्यमंत्री धामी ने अपने सोशल मीडिया 'X' पर पोस्ट करते हुए कहा कि नैनीताल जिले में स्थित श्री कैंची धाम पूजनीय बाबा नीम करोली महाराज जी की गहन साधना की पवित्र भूमि है. यह धाम देश और दुनिया के लाखों श्रद्धालुओं के लिए अटूट आस्था का केंद्र है.

उन्होंने आगे क्या बताया?

उन्होंने कहा कि पहाड़ों की शांत और सुंदर वादियों के बीच स्थित यह दिव्य धाम श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का विशेष अनुभव कराता है. कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह स्थान केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि मानसिक शांति और आत्मिक अनुभूति का भी महत्वपूर्ण स्थल है.

लोगों से क्या की अपील?

सीएम धामी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जब भी वे नैनीताल आएं, तो बाबा नीम करोली महाराज जी के पवित्र कैंची धाम के दर्शन जरूर करें. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता के साथ यहां मौजूद धार्मिक और आध्यात्मिक स्थल भी प्रदेश की विशेष पहचान हैं.

क्या है इस धाम की खासियत?

कैंची धाम नैनीताल जिले में स्थित बाबा नीम करोली महाराज से जुड़ा प्रमुख धार्मिक स्थल है. हर साल देश के अलग अलग हिस्सों से श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं. धाम की शांत पहाड़ी वादियां और धार्मिक वातावरण लोगों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं.

मुख्यमंत्री के दर्शन पूजन का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद बाबा नीम करोली महाराज के भक्तों और श्रद्धालुओं में भी उत्साह देखने को मिला. मुख्यमंत्री की इस यात्रा को उत्तराखंड की धार्मिक विरासत और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने से भी जोड़कर देखा जा रहा है.