उत्तराखंड में पेपर लीक पर घमासान, राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले युवाओं से संवाद करेंगे सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले डोईवाला में युवाओं से संवाद करेंगे. कार्यक्रम में भर्ती परीक्षाओं, पेपर लीक और अग्निपथ योजना पर सरकार का पक्ष रखा जाएगा.

Pinterest
Km Jaya

देहरादून: उत्तराखंड की राजनीति में भर्ती परीक्षाओं और पेपर लीक का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के देहरादून दौरे और युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शुक्रवार को युवाओं से सीधे संवाद करेंगे. इस कार्यक्रम में सरकार भर्ती परीक्षाओं, पेपर लीक मामलों और अग्निपथ योजना जैसे मुद्दों पर अपना पक्ष रखेगी.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भाजपा नेता कर्नल अजय कोठियाल की ओर से डोईवाला में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे. यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे निर्धारित किया गया है. इसमें अग्निवीर योजना, सरकारी भर्ती परीक्षाओं और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी. मुख्यमंत्री युवाओं के सवालों का जवाब भी देंगे और सरकार द्वारा भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी साझा करेंगे.

किन-किन मुद्दों पर होगी चर्चा?

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री अपने संबोधन में कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल के दौरान हुई भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का भी उल्लेख करेंगे. साथ ही यह भी बताएंगे कि वर्तमान सरकार ने पेपर लीक और नकल रोकने के लिए सख्त कानून लागू किए हैं तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की है. सरकार का प्रयास रहेगा कि भर्ती प्रक्रिया को लेकर युवाओं के बीच विश्वास मजबूत किया जाए.


और क्या है प्लानिंग?

यह कार्यक्रम ऐसे समय हो रहा है जब राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया संदेश में उत्तराखंड के पेपर लीक मामलों को प्रमुख मुद्दा बनाते हुए युवाओं से संवाद करने की घोषणा की है. राहुल गांधी शुक्रवार को देहरादून में छात्रों और युवाओं से मुलाकात करेंगे तथा भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे.

युवाओं से संवाद क्यों है महत्वपूर्ण?

राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री धामी का युवाओं से संवाद राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. माना जा रहा है कि भाजपा इस मंच के जरिए भर्ती परीक्षाओं के साथ साथ अग्निपथ योजना पर कांग्रेस के रुख को भी मुद्दा बनाएगी. मुख्यमंत्री युवाओं को सरकार की नीतियों और रोजगार संबंधी प्रयासों की जानकारी देंगे.

उत्तराखंड में पिछले कुछ वर्षों के दौरान भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक के मामलों को लेकर राजनीतिक बहस तेज रही है. सरकार ने इन मामलों में जांच, गिरफ्तारियां और सख्त कानून लागू करने जैसे कदम उठाने का दावा किया है, जबकि विपक्ष लगातार सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाता रहा है. ऐसे में शुक्रवार को होने वाले दोनों कार्यक्रमों पर प्रदेश की राजनीति और युवाओं की खास नजर रहेगी.