देहरादून: पुष्कर सिंह धामी ने रामनगर में धनगढ़ी पुल के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे को लेकर तीखी टिप्पणी की. मुख्यमंत्री ने कहा कि एक पार्टी के युवराज पंतनगर आए और फिर वापस लौट गए. उन्होंने सवाल उठाया कि यदि वे अल्मोड़ा नहीं जा सकते थे तो देहरादून का दौरा क्यों रद्द किया गया.
धनगढ़ी पुल के उद्घाटन के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना से यह स्पष्ट होता है कि कांग्रेस का उत्तराखंड से कोई वास्तविक जुड़ाव नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता केवल चुनाव के समय ही राज्य में सक्रिय नजर आते हैं.
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जिस तरह रामनगर में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के कारण पर्यटन सीजन आता है, उसी तरह कांग्रेस के लिए चुनाव के समय चुनाव पर्यटन का सीजन शुरू हो जाता है. उनके अनुसार चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस नेताओं को राज्य की जनता की समस्याएं याद आने लगती हैं.
मुख्यमंत्री ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष जुड़ाव होने का भी दावा किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कई बार उत्तराखंड का दौरा कर चुके हैं और राज्य के विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरों की तैयारियां भी जारी हैं.
विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव अपने निर्धारित समय पर ही होंगे. उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव की प्रक्रिया पूरी तरह चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार संचालित होगी और सरकार उसी के अनुरूप सभी आवश्यक तैयारियां कर रही है.
धामी ने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है और सड़क, पुल, पर्यटन तथा बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर लगातार काम किया जा रहा है. उनका कहना था कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड के हर क्षेत्र तक विकास पहुंचाना है.
मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज होने की संभावना है. भाजपा और कांग्रेस के बीच पहले से जारी राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच यह बयान भी चर्चा का विषय बन गया है. हालांकि, राहुल गांधी या कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री की टिप्पणी पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.