देहरादून: उत्तराखंड में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज होने लगी हैं. मौसम विभाग ने आने वाले समय में राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है. सबसे ज्यादा चिंता बागेश्वर जिले को लेकर है, जहां बहुत भारी बारिश की आशंका के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है.
रविवार को राजधानी देहरादून में सुबह तेज धूप रही, लेकिन दोपहर होते ही मौसम ने करवट ली और बादलों ने पूरे शहर को ढक लिया. इसके बाद शहर के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई. वहीं रुड़की में झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया.
बारिश के बावजूद प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है. उमस के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज चमक और बौछारें पड़ सकती हैं. पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है.
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बागेश्वर जिले में कहीं कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसी को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपावत और नैनीताल जिलों में भारी बारिश की संभावना के चलते यलो अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग ने पर्वतीय जिलों में गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज से अति तेज बारिश के दौर की भी चेतावनी दी है. लोगों को नदी नालों के किनारे जाने से बचने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.
हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में भी कहीं कहीं गरज चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. ऐसे में खुले स्थानों पर रहने से बचने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है.
रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25.3 डिग्री दर्ज किया गया. पंतनगर में अधिकतम तापमान 35.0 और न्यूनतम 26.6 डिग्री रहा. मुक्तेश्वर में अधिकतम 23.6 और न्यूनतम 16.4 डिग्री दर्ज किया गया. नई टिहरी का अधिकतम तापमान 26.2 और न्यूनतम 17.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
मौसम विभाग ने लोगों से लगातार मौसम अपडेट पर नजर रखने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करने की अपील की है.