धनगढ़ी पुल से चारधाम यात्रा होगी आसान, चुनाव से पहले 1100 करोड़ रुपये से सुधरेंगी उत्तराखंड की सड़कें

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 29 करोड़ रुपये की लागत से बने धनगढ़ी पुल का लोकार्पण किया. उन्होंने कहा कि इससे चारधाम यात्रा सहित कुमाऊं और गढ़वाल की कनेक्टिविटी बेहतर होगी.

@pushkardhami X Account
Km Jaya

देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने राज्य की सड़क और पुल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रामनगर क्षेत्र में लगभग 29 करोड़ रुपये की लागत से बने धनगढ़ी पुल का लोकार्पण किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुल कुमाऊं और गढ़वाल के बीच आवागमन को आसान बनाएगा और चारधाम यात्रा के लिए भी बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगा.

मुख्यमंत्री ने बताया कि धनगढ़ी नाला बरसात के दौरान उफान पर आ जाता था, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती थी और हादसों का खतरा बना रहता था. नए पुल के बनने से अब पूरे साल सुरक्षित और निर्बाध आवागमन संभव होगा. यह पुल करीब 220 मीटर लंबा है और इसे लगभग दो वर्षों में तैयार किया गया है.

किसे मिलेगा सबसे ज्यादा लाभ?

धामी ने कहा कि इस पुल का सबसे अधिक लाभ पौड़ी और अल्मोड़ा जिलों के लोगों को मिलेगा. इसके अलावा जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान आने वाले पर्यटकों और पंजाब तथा उत्तर प्रदेश से आने वाले यात्रियों को भी बेहतर सुविधा मिलेगी. उन्होंने बताया कि धनगढ़ी पुल के पास लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा पनौद पुल भी लगभग तैयार हो चुका है.


मुख्यमंत्री ने आगे क्या कहा?

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राज्य के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है. उन्होंने बताया कि चुनाव से पहले राज्य की सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए केंद्र सरकार को 1100 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है. इस प्रस्ताव के तहत 54 प्रमुख सड़क परियोजनाओं के निर्माण, चौड़ीकरण और सुधारीकरण का कार्य किया जाएगा.

सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं को मंजूरी मिलने के बाद राज्य के कई प्रमुख सड़क मार्गों की स्थिति में बड़ा सुधार होगा. इससे लाखों लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी और पर्यटन, व्यापार तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा.

विपक्ष को लेकर क्या कहा?

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पहले की सरकारें कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को पूरा नहीं कर सकीं. उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार जनता से किए गए वादों को धरातल पर उतार रही है और राज्य के अंतिम गांव तक सड़क पहुंचाने का काम किया जा रहा है.