'कृष्ण के आदर्शों को जीवन में उतारें', जन्माष्टमी पर सीएम धामी ने खास संदेश के साथ दी शुभकामनाएं

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं. उन्होंने भगवान श्री कृष्ण के जीवन से धर्म, सत्य और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा लेने तथा उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लेने की अपील की.

@pushkardhami X Account
Km Jaya

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं. सीएम धामी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट कर प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं और भगवान श्री कृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि श्री कृष्ण का जीवन मानव समाज को धर्म, सत्य और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है. उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने अपने जीवन में विपरीत परिस्थितियों का सामना करते हुए भी अपने कर्तव्य और कर्म के प्रति अडिग रहने का संदेश दिया.


सीएम धामी ने क्या की अपील?

सीएम धामी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि जन्माष्टमी के इस पावन अवसर पर भगवान श्री कृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लें. उन्होंने कहा कि श्री कृष्ण के विचार और उनकी शिक्षाएं आज भी समाज के लिए उतनी ही प्रासंगिक हैं. उनका जीवन हमें कठिन परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने और सत्य तथा धर्म के रास्ते पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है.

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि जन्माष्टमी केवल भगवान श्री कृष्ण के जन्म का उत्सव नहीं है, बल्कि यह उनके आदर्शों और जीवन मूल्यों को याद करने का भी अवसर है. भगवान श्री कृष्ण ने कर्म को सर्वोच्च महत्व देते हुए मनुष्य को अपने कर्तव्य का पूरी निष्ठा के साथ पालन करने का संदेश दिया.

कैसे मनाया जाता है जन्माष्टमी?

जन्माष्टमी के अवसर पर उत्तराखंड में भी मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर विशेष आयोजन किए जाते हैं. श्रद्धालु भगवान श्री कृष्ण की पूजा अर्चना कर उनके जन्मोत्सव को उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाते हैं. इस दौरान मंदिरों में भजन कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होता है.

सीएम धामी ने प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण की शिक्षाएं समाज में सकारात्मक सोच, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का मार्ग दिखाती हैं. उन्होंने सभी से श्री कृष्ण के आदर्शों को जीवन में अपनाने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेने का आह्वान किया.