उत्तराखंड में CM धामी ने किया सेवा संकल्प अभियान का ऐलान, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे 11 बड़े कार्यक्रम

उत्तराखंड में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलेगा. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अभियान के जरिए सेवा, संवाद, जनभागीदारी और नवाचार को विकसित भारत 2047 से जोड़ा जाएगा.

X
Ashutosh Rai

Viksit Bharat 2047 : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में अभियान की जानकारी दी. राज्य में एक महीने तक चलने वाले इस अभियान में 11 प्रमुख कार्यक्रम होंगे. इनमें विद्यार्थी, युवा, महिलाएं, लाभार्थी, अभिभावक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और आम नागरिक शामिल होंगे. सरकार की योजनाओं और उनके असर को भी जनता तक पहुंचाया जाएगा.

सामूहिक कार्यक्रम

‘आशीर्वाद का दीया’ के तहत सरकारी योजना केंद्रों, गैस वितरण केंद्रों, राशन दुकानों, धार्मिक स्थलों और गंगा तट पर दीप जलाए जाएंगे. नए मेडिकल कॉलेज, बांध, पुल, अमृत सरोवर और जन औषधि केंद्रों पर भी कार्यक्रम होंगे. ‘मेरे सपनों का भारत–चित्र सेवा’ के तहत स्कूलों में विकसित भारत 2047 पर चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी. चयनित चित्रों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी और अभिभावकों को भी इससे जोड़ा जाएगा.

सेवा की कहानियां

‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ के तहत स्कूलों में देश की उपलब्धियों पर नाटक होंगे. ‘आंगन मिलन सेवा’ में आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों और अभिभावकों के साथ गतिविधियां होंगी, जिसमें पोषण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर जानकारी दी जाएगी. ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ में विकसित भारत 2047 से जुड़े कलश की स्थापना और साइकिल-बाइक यात्रा का प्रस्ताव है. योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव की कहानियां भी सामने रखी जाएंगी.


सेवा से जनभागीदारी

‘सेवा : मेरा योगदान’ के जरिए लोगों को पौधरोपण, सफाई, शिक्षण और दूसरी सामाजिक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा. ‘सेवा सेतु’ के तहत शिविर लगाकर केंद्र और राज्य की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी. स्वास्थ्य व बहुउद्देशीय शिविर भी होंगे. ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ में विभागों की समस्याओं के समाधान के लिए विशेषज्ञों, आईआईटी और आईआईएम को जोड़ा जाएगा. धामी ने कहा कि अभियान हर जिले में मनाया जाएगा और युवाओं की भागीदारी विकसित भारत के निर्माण में अहम होगी.