देवप्रयाग के मेधावी छात्रों से मिले मुख्य सचिव; बोले- मेहनत का कोई विकल्प नहीं, लक्ष्य पर रखें पूरा फोकस

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने देवप्रयाग क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों से मुलाकात कर उन्हें सफलता के लिए मेहनत, लगातार सीखने और तकनीक का सही इस्तेमाल करने की सलाह दी.

X
Ashutosh Rai

सचिवालय में गुरुवार को मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने भारत भ्रमण पर निकले देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के टॉपर विद्यार्थियों से बातचीत की. विधायक विनोद कंडारी के नेतृत्व में पहुंचे विद्यार्थियों से उन्होंने पढ़ाई, करियर और जीवन से जुड़े अनुभव साझा किए. इस दौरान विद्यार्थियों को लक्ष्य पर ध्यान रखने की सलाह दी गई.

मेहनत से ही हासिल होगा लक्ष्य

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए कहा कि हर माता-पिता चाहते हैं कि उनके बच्चे जीवन में आगे बढ़ें और अच्छा प्रदर्शन करें. उन्होंने विद्यार्थियों की पढ़ाई में मिली सफलता की सराहना करते हुए इसे उनकी मेहनत का नतीजा बताया. उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता पाने का कोई आसान रास्ता नहीं है. किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए मेहनत जरूरी है और इसका कोई विकल्प नहीं है. विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य को तय करके लगातार उसी दिशा में काम करना चाहिए. उन्होंने कहा कि धैर्य और लगातार प्रयास के बाद ही व्यक्ति अपने सपनों को पूरा कर सकता है.

बदलती तकनीक के साथ खुद को बनाएं बेहतर

आनन्द बर्द्धन ने कहा कि आज तकनीक बहुत तेजी से बदल रही है. ऐसे समय में विद्यार्थियों के लिए खुद को नई जानकारी से जोड़ना और तकनीकी रूप से सक्षम बनाना जरूरी है. उन्होंने कहा कि अब प्रतियोगिता केवल गांव, क्षेत्र या विधानसभा तक सीमित नहीं रह गई है. विद्यार्थियों को देशभर के छात्रों के साथ आगे बढ़ने के लिए अपनी क्षमता पहचाननी होगी. इसके लिए लगातार नई चीजें सीखने और अपनी कमियों को सुधारने पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ बदलती दुनिया की जरूरतों को समझने और अपनी तैयारी को उसी हिसाब से मजबूत करने की सलाह दी.


मोबाइल के सही इस्तेमाल और नशे से दूरी की सलाह

मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों से मोबाइल फोन और तकनीक के इस्तेमाल को लेकर भी बात की. उन्होंने कहा कि तकनीक के कई फायदे हैं लेकिन गलत इस्तेमाल नुकसान भी पहुंचा सकता है. इसलिए विद्यार्थियों को मोबाइल का उपयोग जरूरी काम और सीखने के लिए करना चाहिए तथा इसके गलत प्रभावों से बचना चाहिए. उन्होंने युवाओं में बढ़ते नशे के चलन पर भी चिंता जताई और विद्यार्थियों से इससे पूरी तरह दूर रहने को कहा. उन्होंने कहा कि जीवन में जो भी लक्ष्य तय करें, उस पर पूरा ध्यान रखें और अपनी ऊर्जा उसी दिशा में लगाएं.