चारधाम यात्रा: श्रद्धालुओं की संख्या घटी, लेकिन ऋषिकेश के सभी ऑफलाइन पंजीकरण काउंटर रहेंगे चालू
चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या घटने के बावजूद ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप के सभी ऑफलाइन पंजीकरण काउंटर और अस्थायी अस्पताल फिलहाल संचालित रहेंगे. प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए यह व्यवस्था जारी रखने का निर्णय लिया है.
देहरादून: मानसून शुरू होने के साथ चारधाम यात्रा में यात्रियों की संख्या पहले की तुलना में कम हो गई है. इसके बावजूद यात्रा प्रबंधन ने सुविधाओं में कोई कटौती नहीं की है. ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप में सभी ऑफलाइन पंजीकरण काउंटर पहले की तरह खुले रहेंगे और अस्थायी अस्पताल भी यात्रा समाप्त होने तक सेवाएं देता रहेगा. प्रशासन का कहना है कि कम संख्या के बावजूद आने वाले हर श्रद्धालु को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है.
चारधाम यात्रा का पहला चरण 30 जून तक माना जाता है. इसके बाद हर वर्ष जुलाई और अगस्त में बारिश के कारण श्रद्धालुओं की संख्या कम हो जाती है. इस बार भी यही स्थिति देखने को मिल रही है. अब तक 42 लाख से अधिक श्रद्धालु चारों धामों के दर्शन कर चुके हैं. सितंबर से यात्रा में फिर तेजी आने की उम्मीद है.
पंजीकरण केंद्र रहेंगे पूरी तरह सक्रिय
यात्रा के लिए ऑनलाइन या ऑफलाइन पंजीकरण अनिवार्य है. ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप में बनाए गए सभी 24 ऑफलाइन पंजीकरण काउंटर फिलहाल संचालित रहेंगे. हालांकि यात्रियों की संख्या कम होने से अधिकांश काउंटरों पर दिनभर सन्नाटा दिखाई दे रहा है. प्रशासन ने फिलहाल किसी भी काउंटर को बंद नहीं करने का फैसला लिया है.
Also Read
आईएसबीटी में सीमित काउंटर संचालित
आईएसबीटी परिसर में छह पंजीकरण काउंटर बनाए गए हैं. यहां यात्रियों की संख्या काफी कम होने के कारण फिलहाल केवल दो काउंटर ही संचालित किए जा रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि जरूरत बढ़ने पर बाकी काउंटर भी तुरंत शुरू कर दिए जाएंगे, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
अस्पताल और टेंट को लेकर नई व्यवस्था
ट्रांजिट कैंप में यात्रियों की सुविधा के लिए बनाया गया अस्थायी अस्पताल यात्रा समाप्त होने तक सेवाएं देता रहेगा. वहीं, श्रद्धालुओं की संख्या घटने के कारण कैंप में लगाए गए बड़े टेंट हटाने का काम शुरू कर दिया गया है. अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में आने वाले यात्रियों के लिए परिसर के भीतर पर्याप्त स्थान उपलब्ध है.
शुक्रवार को इतने हुए पंजीकरण
चारधाम यात्रा प्रबंधन के अनुसार शुक्रवार को ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप में कुल 1531 ऑफलाइन पंजीकरण दर्ज किए गए. इनमें यमुनोत्री के लिए 254, गंगोत्री के लिए 258, केदारनाथ के लिए 478, बदरीनाथ के लिए 513 और हेमकुंड साहिब के लिए 28 पंजीकरण शामिल रहे. वहीं हरिद्वार में 782 श्रद्धालुओं ने ऑफलाइन पंजीकरण कराया.