Independence Day 2026

Chamoli Tunnel Accident: चमोली सुरंग हादसे में मृतक आश्रितों को मिलेंगे चार-चार लाख रुपये, सीएम धामी ने की घोषणा

चमोली में विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की सुरंग में भूस्खलन के बाद पानी और मलबा भरने से तीन श्रमिक अभी भी लापता हैं. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मृतक आश्रितों को चार-चार लाख रुपये देने और मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं.

Pinterest
Km Jaya

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की सुरंग में हुए हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है. सुरंग में भूस्खलन के कारण पानी और भारी मलबा भर जाने से तीन श्रमिक अभी भी लापता हैं. 

हादसे के करीब 24 घंटे बाद भी बचाव दल सुरंग के अंदर फंसे श्रमिकों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं. पंपों की मदद से सुरंग में जमा पानी बाहर निकाला जा रहा है, जबकि मशीनों के जरिए मलबा हटाने का काम जारी है.

मुख्यमंत्री ने क्या दिए आदेश?

मुख्यमंत्री ने हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने मृतक श्रमिकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की. सरकार की ओर से बचाव अभियान को प्राथमिकता देते हुए लापता श्रमिकों को जल्द से जल्द खोजने का प्रयास किया जा रहा है.


हादसे के बाद परियोजना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण कार्यों को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं. सुरंग के भीतर अचानक पानी और मलबा भरने से श्रमिकों को बाहर निकलने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाया. बचाव दल लगातार मशीनों और पंपों की सहायता से रास्ता साफ करने में जुटे हैं.

कब हुआ हादसा?

हादसा गुरुवार शाम करीब पौने सात बजे हुआ. जानकारी के अनुसार सुरंग के अंदर केविटी की पैकिंग के बाद ग्राउटिंग का काम चल रहा था. इसी दौरान अचानक केविटी गिर गई और पानी के साथ भारी मात्रा में मलबा सुरंग के अंदर भरने लगा. हादसे के समय पहली शिफ्ट खत्म होने में करीब एक घंटे का समय बाकी था और सुरंग के भीतर 28 श्रमिक काम कर रहे थे.

कैसी है अभी वहां की स्थिति?

हादसे के बाद बचाव अभियान तेजी से शुरू किया गया. अब तक सात श्रमिकों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 12 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. तीन श्रमिकों की तलाश अभी भी जारी है. राहत दल सुरंग में पानी का स्तर कम करने और मलबा हटाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं.

शुक्रवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने राहत और बचाव अभियान का जायजा लिया तथा बचाव दलों से स्थिति की जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने सुरंग के अंदर चल रहे अभियान की भी जानकारी ली. इसके बाद उन्होंने अस्पताल पहुंचकर हादसे में घायल श्रमिकों का हाल जाना.