बद्रीनाथ दान चोरी केस: रिटायर्ड मंदिर अधिकारी के घर से मिली विदेशी करेंसी, अदालत ने भेजा 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
बद्रीनाथ चढ़ावा हेराफेरी मामले में गिरफ्तार सेवानिवृत्त मंदिर अधिकारी के घर से कई देशों की विदेशी मुद्रा बरामद हुई है. अदालत ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित हेराफेरी की जांच के दौरान एसआईटी को महत्वपूर्ण सफलता मिली है. मामले में गिरफ्तार सेवानिवृत्त मंदिर अधिकारी राजेंद्र सिंह चौहान के सरकारी आवास की तलाशी के दौरान कई देशों की विदेशी मुद्रा बरामद की गई. एसआईटी ने शुक्रवार को गिरफ्तारी के बाद आवास की तलाशी ली, जबकि शनिवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया. अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश दिया.
विदेशी करेंसी और अन्य सामग्री मिली
चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के अनुसार तलाशी के दौरान बांग्लादेश, सऊदी अरब, नेपाल और रूस समेत कई देशों की करेंसी बरामद हुई. इसके अलावा सात डिब्बे केसर और सात डिब्बे एक-एक किलो देशी घी भी मिले. प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि यह सामग्री श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर में चढ़ाई गई थी. बरामद सामान की जांच कर यह पता लगाया जा रहा है कि इसे मंदिर के रिकॉर्ड में दर्ज किया गया था या नहीं.
सीसीटीवी जांच के बाद हुई कार्रवाई
राजेंद्र सिंह चौहान इसी वर्ष 30 जून को मंदिर अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए थे. जांच एजेंसियों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल में उन्हें कई बार दान राशि और जेवरात से कथित छेड़छाड़ करते हुए देखा गया. इसके बाद एसआईटी ने विस्तृत जांच शुरू की. अब तक इस मामले में चौहान और उनके वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार किया जा चुका है. जांच में कुछ अन्य कर्मचारियों की भूमिका भी सामने आने की बात कही जा रही है.
Also Read
रिमांड पर फैसला और आगे की जांच
मामले की सुनवाई के दौरान एसआईटी ने प्रमोद नौटियाल की रिमांड की मांग करते हुए अदालत से कहा कि पूछताछ के जरिए कथित गबन की धनराशि और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए जाने हैं. हालांकि अदालत ने यह अनुरोध स्वीकार नहीं किया. दूसरी ओर, एसआईटी ने राजेंद्र सिंह चौहान की रिमांड नहीं मांगी. पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों की जांच जारी है और यदि अन्य कर्मचारियों की संलिप्तता के पर्याप्त प्रमाण मिलते हैं तो उन्हें भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया जा सकता है.