बद्रीनाथ धाम दान मामले में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल देहरादून से गिरफ्तार

बद्रीनाथ धाम में दान की कथित चोरी और अनियमितताओं के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल को देहरादून से गिरफ्तार किया है. मामले की जांच तेज हो गई है.

ANI
Shanu Sharma

बद्रीनाथ धाम में दान की कथित चोरी के मामले में चमोली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने रविवार देर रात देहरादून स्थित आवास से मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद उसे बद्रीनाथ ले जाया गया, जहां जांच अधिकारी उससे लगातार पूछताछ कर रहे हैं. 

पुलिस का प्रयास है कि अदालत में पेश करने से पहले मामले से जुड़े सभी महत्वपूर्ण तथ्यों और साक्ष्यों की जानकारी जुटा ली जाए. प्रमोद नौटियाल श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष के निजी सहायक के रूप में कार्यरत थे. आरोप सामने आने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया था.

आंतरिक जांच के बाद दर्ज हुई प्राथमिकी

पुलिस के अनुसार बीकेटीसी की चार सदस्यीय जांच समिति की ओर से मंदिर में प्राप्त दान के रखरखाव में कथित गड़बड़ी की प्रारंभिक पुष्टि की गई थी. समिति की रिपोर्ट मिलने के बाद मंगलवार देर रात प्रमोद नौटियाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई. जांच रिपोर्ट में हुए खुलासे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी. अब इस पूरे मामले में विस्तार से जांच की जा रही है. जांच अधिकारियों का कहना है कि इस मामले से जुड़े हर एक पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है.


मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने भी स्वतंत्र जांच के आदेश दिए हैं. सरकार ने तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है, जिसकी अध्यक्षता गढ़वाल मंडल आयुक्त कर रहे हैं. समिति को पूरे मामले की जांच कर सरकार को विस्तृत रिपोर्ट और आवश्यक सुझाव देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है. सरकार का कहना है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी और यदि किसी स्तर पर अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

सोशल मीडिया से शुरू हुआ विवाद

दान में कथित गड़बड़ी का मामला उस समय चर्चा में आया जब सोशल मीडिया पर दान की गिनती के दौरान अनियमितताओं के आरोप लगाए गए. इसके बाद भैरव सेना नामक संगठन ने औपचारिक शिकायत दर्ज कराते हुए विस्तृत जांच और प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की. शिकायत के बाद पुलिस सक्रिय हुई और मंदिर समिति के साथ-साथ राज्य सरकार ने भी जांच शुरू कर दी.