रुद्रप्रयाग में अलकनंदा उफान पर, प्रशासन ने दी लोगों को बड़ी चेतावनी; 12 सड़कें बंद
रुद्रप्रयाग में अलकनंदा नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर पर पहुंच गया है. प्रशासन ने लोगों को नदी किनारों से दूर रहने की सलाह दी है. जिले में 12 सड़कें बंद हैं और सभी विभागों को आपदा से निपटने के लिए अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं.
रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में लगातार बदलते मौसम और वर्षा के बीच अलकनंदा नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर पर पहुंच गया है. प्रशासन ने लोगों से नदी किनारों और जलधाराओं के पास जाने से बचने की अपील की है. जिले में 12 सड़कें भी अवरुद्ध हैं, जबकि सभी संबंधित विभागों को किसी भी आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं.
सोमवार सुबह से जिले में घने बादल छाए रहे. जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की ताजा रिपोर्ट के अनुसार अलकनंदा नदी का जलस्तर सुबह सात बजे 626.00 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी स्तर के बराबर है. प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से नदी के आसपास न जाने और पूरी सतर्कता बरतने की अपील की है.
कैसी थी वहां की स्थिति?
पिछले 24 घंटों के दौरान रुद्रप्रयाग तहसील में 4.00 मिलीमीटर, ऊखीमठ में 12.50 मिलीमीटर और जखोली में 25.00 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार जिले का न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
Also Read
रिपोर्ट के अनुसार मंदाकिनी नदी का जलस्तर 624.70 मीटर दर्ज किया गया. वहीं गंगानगर में जलस्तर 800.20 मीटर और गौरीकुंड में 1973.80 मीटर दर्ज किया गया, जो फिलहाल अपने चेतावनी स्तर से नीचे हैं. इसके बावजूद प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.
लोगों को क्या दी है सलाह?
अलकनंदा नदी के चेतावनी स्तर पर पहुंचने के बाद नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों की ओर से लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है. स्थानीय लोगों और यात्रियों से नदी किनारों पर न जाने, सेल्फी लेने या अनावश्यक भीड़ लगाने से बचने की अपील की गई है.
सड़कों की स्थिति की बात करें तो जिले में फिलहाल कोई राष्ट्रीय राजमार्ग बंद नहीं है. हालांकि एक राज्य मार्ग, चार लोक निर्माण विभाग की सड़कें, छह प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़कें और एक एनपीसीसी मार्ग अवरुद्ध है. संबंधित विभागों की टीमें मार्गों को खोलने के प्रयास में जुटी हैं.
जिला प्रशासन ने क्या दिए हैं निर्देश?
जिला प्रशासन ने सभी विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं. साथ ही किसी भी आपदा, दुर्घटना या सड़क अवरुद्ध होने की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को देने के लिए कहा गया है. प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और केवल आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है.