Commonwealth Games 2026

उत्तरकाशी से चमोली तक बरसेंगे बादल, IMD ने जारी किया अलर्ट

उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश, गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना है. चलिए जानते हैं आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम.

Pinterest
Km Jaya

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में राज्य के पर्वतीय और मैदानी इलाकों में मौसम का अलग-अलग असर देखने को मिलेगा. जहां पहाड़ी जिलों में बारिश, गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है, वहीं मैदानी क्षेत्रों में गर्मी और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है.

मौसम विभाग ने 17 जून के लिए उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है. इन जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम तेजी से बदल सकता है. दूसरी ओर हरिद्वार, उधम सिंह नगर और अन्य मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. यहां तेज धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है.

कितना रहा तापमान?

पिछले 24 घंटों के मौसम आंकड़ों के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक दर्ज किया गया. उधम सिंह नगर के खटीमा में सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया. वहीं रुद्रप्रयाग स्थित केदारनाथ धाम में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो राज्य में सबसे कम रहा.


मौसम विभाग ने क्या बताया?

मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है. हालांकि इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. 18 जून को भी उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है, जबकि मैदानों में मौसम साफ बना रहेगा.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

19 जून को बारिश का दायरा कुछ और बढ़ सकता है. उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा देहरादून, टिहरी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भी कुछ क्षेत्रों में वर्षा हो सकती है. 20 और 21 जून को भी पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बनी रहने का अनुमान है.

मौसम विभाग ने 19 और 20 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने, ओले पड़ने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

राजधानी देहरादून में 17 से 22 जून के बीच आंशिक बादल छाए रह सकते हैं. इस दौरान गरज-चमक, हल्की बारिश और धूल भरी आंधी की संभावना बनी रहेगी. अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.