हरिद्वार में पानी की टंकी से निकले 27 सांप, वन विभाग ने किया रेस्कयू, VIRAL VIDEO
हरिद्वार के सराय गांव में एक घर की पानी की टंकी से 27 सांप के बच्चे मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी सांपों को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया.
हरिद्वार के सराय गांव में एक सामान्य घरेलू समस्या उस समय बड़े वन्यजीव रेस्क्यू अभियान में बदल गई. एक परिवार की पानी की टंकी से पानी आना बंद हो गया. कारण जानने के लिए जब परिजनों ने टंकी के भीतर झांका तो वहां बड़ी संख्या में सांप के बच्चे रेंगते दिखाई दिए पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अभियान शुरू किया.
पानी की टंकी में दिखा चौंकाने वाला मंजर
सराय गांव के एक परिवार को उस समय कुछ गड़बड़ होने का एहसास हुआ जब घर की मुख्य पानी की सप्लाई चालू होने के बावजूद टंकी से पानी नहीं निकल रहा था. पहले इसे सामान्य तकनीकी समस्या समझा गया लेकिन जब परिवार के लोगों ने टंकी की जांच करने का फैसला किया तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए. टंकी के भीतर दर्जनों सांप के बच्चे घूम रहे थे. अचानक इतनी बड़ी संख्या में सांप दिखाई देने से घर के लोग डर गए और शोर मचाने लगे. देखते ही देखते पड़ोसी और ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए.
वन विभाग ने तुरंत शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने वन विभाग से संपर्क किया. रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह के निर्देशन में त्वरित प्रतिक्रिया टीम मौके पर पहुंची. टीम के साथ अनुभवी स्नेक कैचर तालिब और भोला भी मौजूद थे. सबसे पहले क्षेत्र को सुरक्षित किया गया ताकि कोई व्यक्ति घबराहट में टंकी के पास न जाए.
Also Read
- उत्तराखंड में तीन दिवसीय मेगा कैंपेन, मोदी के ऐतिहासिक कार्यकाल पर राज्यभर में विशेष आयोजन; विकास योजनाओं का होगा प्रदर्शन
- हरिद्वार में अब नहीं मिलेगी 'वेज बिरयानी', संतों की मुहिम का मुस्लिम समाज ने भी किया समर्थन, ऑर्डर करने पर मिलेगा पुलाव
- उत्तराखंड में SIR अभियान ने भरी उड़ान, 10 लाख के करीब पहुंचे फॉर्म; देहरादून-हरिद्वार सबसे आगे
एक घंटे की मेहनत के बाद निकले 27 सांप
रेस्क्यू अभियान आसान नहीं था. सांप के बच्चे टंकी के अलग-अलग हिस्सों में फैले हुए थे. स्नेक कैचरों ने विशेष उपकरणों और सावधानी के साथ एक-एक कर उन्हें बाहर निकालना शुरू किया. करीब एक घंटे तक चले अभियान के दौरान कुल 27 सांप के बच्चे सुरक्षित पकड़े गए.
कीलबैक प्रजाति के निकले सभी सांप
वन विभाग के अनुसार टंकी के भीतर मिले सभी सांप कीलबैक प्रजाति के थे, जिन्हें आम बोलचाल में पानी का सांप कहा जाता है. रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह ने बताया कि किसी मादा सांप ने टंकी के भीतर सुरक्षित और ठंडी जगह देखकर अंडे दिए होंगे. गर्मी बढ़ने के दौरान कई वन्यजीव ठंडी और नम जगहों की तलाश में आबादी वाले इलाकों तक पहुंच जाते हैं. रेस्क्यू के बाद सभी 27 सांपों को उनके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया.