होली पर हुड़दंगियों की खैर नहीं, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर; सीएम योगी ने दिया अल्टीमेटम

जापान और सिंगापुर दौरे से लौटते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली को लेकर सख्त निर्देश जारी किए. ओवरस्पीडिंग, नशे में ड्राइविंग और हुड़दंग पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं.

ANI
Babli Rautela

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विदेश दौरे से लौटते ही ऐक्शन मोड में नजर आ गए हैं. उन्होंने होली को लेकर कानून व्यवस्था की समीक्षा की. अधिकारियों को साफ संदेश दिया गया कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी.  सीएम ने कहा कि त्योहार की आड़ में गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर खास नजर रखने को कहा गया है.

बिना सीट बेल्ट गाड़ी चलाने वालों पर भी सख्ती होगी. प्रमुख मार्गों, राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर विशेष जांच अभियान चलेगा. नियम तोड़ने वालों पर तुरंत कार्रवाई होगी.

बसों के लिए खास इंतजाम

होली के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ती है. इसे देखते हुए बस सेवाओं को लेकर भी निर्देश जारी किए गए. बिना इलेक्ट्रिक टिकट मशीन कोई भी निगम बस नहीं चलेगी. लंबी दूरी की बसों में दो ड्राइवर अनिवार्य होंगे. खराब और अनफिट बसों को सड़क पर चलने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

अधिकारियों को कहा गया कि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएं. 28 फरवरी से 9 मार्च तक बसों के फेरे बढ़ाने पर जोर दिया गया है. अगर जांच के दौरान किसी बस में उल्लंघन पाया गया तो कार्रवाई के साथ यात्रियों के लिए वैकल्पिक बस की व्यवस्था भी की जाएगी.

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर नजर

सीएम ने साफ किया कि नशे में वाहन चलाना किसी भी हालत में स्वीकार नहीं होगा. ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जाएगी. दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी. लोगों को जागरूक करने के लिए परिवहन विभाग अभियान चलाएगा. संभागीय और सहायक परिवहन अधिकारी क्षेत्र में सक्रिय रहेंगे.

होली के दौरान कंट्रोल रूम लगातार काम करेगा. आम लोगों के फोन कॉल का तुरंत जवाब देने को कहा गया है. शिकायतों का तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं. सीएम ने अधिकारियों से कहा कि त्योहार खुशी और शांति से मनाया जाए. किसी भी तरह की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी. साफ है कि इस बार होली पर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. कानून तोड़ने वालों के लिए सख्त संदेश दिया जा चुका है.