menu-icon
India Daily

ग्रेटर नोएडा के निर्माणाधीन बिल्डिंग में हुआ हादसा, शटरिंग गिरने से 2 मजदूरों की दर्दनाक मौत; जानें कौन है जिम्मेदार

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 142 में निर्माणाधीन बिल्डिंग की शटरिंग गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई. पुलिस ने दो सुपरवाइजर और ठेकेदार को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
ग्रेटर नोएडा के निर्माणाधीन बिल्डिंग में हुआ हादसा, शटरिंग गिरने से 2 मजदूरों की दर्दनाक मौत; जानें कौन है जिम्मेदार
Courtesy: Grok AI and Pinterest

ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 142 में एक दर्दनाक हादसा हो गया. निर्माणाधीन बिल्डिंग में शटरिंग गिरने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई. यह हादसा उस समय हुआ जब मजदूर नियमित निर्माण कार्य में लगे हुए थे. अचानक भारी शटरिंग गिरने से वहां काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए.

हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. दोनों मजदूरों को गंभीर हालत में एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.

कब का है हादसा?

यह हादसा सुबह करीब साढ़े 11 बजे हुआ बताया जा रहा है. हादसे के बाद स्थानीय लोगों और मजदूरों में गुस्सा देखने को मिला. प्रशासन ने निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया है. एसीपी सेंट्रल नोएडा राजीव गुप्ता ने घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि मौके पर मौजूद दो सुपरवाइजर और ठेकेदार को हिरासत में लिया गया है.

तीनों से हादसे को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह जांच कर रही है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा था या नहीं. शटरिंग गिरने की वजह तकनीकी खामी थी या लापरवाही इसकी जांच की जा रही है.

पहले भी हुए ऐसे हादसे

निर्माण कार्य में इस्तेमाल किए गए मटेरियल की भी जांच की जाएगी. प्राथमिक जांच में सुरक्षा इंतजामों में गंभीर चूक की आशंका जताई जा रही है. नोएडा और ग्रेटर नोएडा में इस तरह के हादसे पहले भी सामने आ चुके हैं. कई निर्माण स्थलों पर मजदूरों की सुरक्षा को लेकर लापरवाही बरती जाती है. 

अक्सर बिना सेफ्टी गियर के मजदूरों से काम कराया जाता है. कई बार शटरिंग और स्ट्रक्चर की गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया जाता. इन लापरवाहियों का खामियाजा मजदूरों को अपनी जान देकर चुकाना पड़ता है. हादसे के बाद मजदूर संगठनों ने कड़ी कार्रवाई की मांग की है. स्थानीय लोगों ने भी जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है. प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.