Tamil Nadu Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

5 करोड़ के लिए पत्नी को उतारा मौत के घाट, मां को फॉर्च्युनर से कुचलकर मारना चाहा; 3 महीने पहले हुई थी शादी

ग्रेटर नोएडा में शादी के तीन महीने बाद महिला की संदिग्ध मौत हो गई. मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर पांच करोड़ की प्रॉपर्टी के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है.

Symbolic Image
Ashutosh Rai

ग्रेटर नोएडा में एक नवविवाहित की मौत ने सबको दहला कर रख दिया है. महिला की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. मृतका के परिवार ने आरोप लगाया है कि पांच करोड़ की संपत्ति हड़पने के लिए उसकी हत्या की गई. परिजनों ने ससुराल पक्ष पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.

तीन महीने पहले हुई थी कोर्ट मैरिज

मृतका की पहचान 22 वर्षीय मोनिका के रूप में हुई है. वह बरौला गांव की रहने वाली थी. परिवार के मुताबिक मोनिका ने 17 फरवरी 2026 को घोड़ी बछेड़ा निवासी अनुज चौहान से कोर्ट मैरिज की थी. मोनिका के पिता किसान थे. परिवार का आरोप है कि अनुज ने पहले मोनिका को प्रेम संबंध में फंसाया और फिर शादी की. शादी के बाद धीरे-धीरे प्रॉपर्टी को लेकर विवाद शुरू हो गया. परिजनों का दावा है कि मोनिका के नाम दुजाना और बरौला गांव में करीब पांच करोड़ रुपए की संपत्ति थी. उसी संपत्ति पर ससुराल पक्ष की नजर थी.

प्रॉपर्टी बेचने का बनाया जा रहा था दबाव

मृतका की मां रेनू नागर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अनुज चौहान और उसके परिवार वाले लगातार मोनिका पर प्रॉपर्टी बेचने और रकम देने का दबाव बना रहे थे. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी. रेनू के अनुसार 7 मई की दोपहर मोनिका ने फोन कर बताया कि उसके पति, ससुर और अन्य रिश्तेदार उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर रहे हैं.

परिजनों ने लगाया आरोप

परिवार का आरोप है कि जब उन्होंने आरोपियों को रोकने की कोशिश की, तब फॉर्च्यूनर गाड़ी से उन्हें कुचलने का प्रयास किया गया. मृतका के भांजे विवेक चौधरी ने बताया कि उन्होंने आरोपियों की गाड़ी का पीछा किया. गैलेक्सी अस्पताल के पास गाड़ी रोकी गई, लेकिन आरोपी वहां से टक्कर मारकर भाग निकले. आरोप है कि बाद में वे लोग मेट्रो स्टेशन के पीछे पहुंचे और शव को जलाने की कोशिश की.

जांच में जुटी पुलिस

दादरी थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी गई है। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.