menu-icon
India Daily

जीभ से चटवाईं चप्पल, मुंह पर मारीं लात...बुलंदशहर में दबंगों की दबंगई का वीडियो हुआ वायरल

बुलंदशहर में दबंगों द्वारा एक युवक की बेरहमी से पिटाई, चप्पल चटवाने और मुंह पर लात मारने का वीडियो वायरल हुआ है. घटना के बाद कानून व्यवस्था पर सवाल उठे हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

KanhaiyaaZee
जीभ से चटवाईं चप्पल, मुंह पर मारीं लात...बुलंदशहर में दबंगों की दबंगई का वीडियो हुआ वायरल
Courtesy: X/@Shahnawazreport

बुलंदशहर: यूपी के जनपद बुलंदशहर से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने सूबे में कानून व्यवस्था की पोल खोल दी है. इस वायरल वीडियो ने पुलिस के उन दावों की भी पोल खोल दी है, जिसमें पुलिस प्रशासन कानून का राज स्थापित करने का दंभ भरते हैं. वही वीडियो वायरल होने के बाद अब पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है और आरोपियों की धड़पकड़ के लिए दबिश दे रही है.

दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जो यूपी के जनपद बुलंदशहर का बताया जा रहा है. वायरल वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि किस तरह दबंगों द्वारा एक शख्स के साथ खुलेआम दबंगई की जा रही है. दबंगों द्वारा एक गरीब शख्स को जमकर पीटा जा रहा है. इतना ही नहीं उससे चप्पल चटवाया जा रहा है और मुंह पर लात भी मारे जा रहे हैं. निर्मम मारपीट से गरीब शख्स बेसुध पड़ा हुआ है, लेकिन दबंगों को तब भी तरस नहीं आ रही और वो उसे बेरहमी से मार रहे हैं. घटना के समय पीड़ित गिड़गिड़ाता रहा, लेकिन उन हमलावरों का दिल बिल्कुल नहीं पसीजा और वे लगातार उस पर वार करते रहे.

इस पूरी घटना में क्रूरता की सारी हदें तब पार हो गईं जब दबंगों ने उस बेसुध पड़े व्यक्ति को न केवल अपमानित किया, बल्कि उससे जमीन पर अपनी चप्पल चटवाने के लिए भी मजबूर किया. इतना ही नहीं, जब वह दर्द से कराहते हुए जमीन पर गिर पड़ा, तो एक आरोपी ने बड़ी ही बेरहमी से उसके चेहरे और मुंह पर जोरदार लात मारी.

कानून व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

यह दर्दनाक वीडियो जैसे ही विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित हुआ, वैसे ही सूबे की प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं. स्थानीय नागरिकों और नेटिजन्स का कहना है कि अगर अपराधियों के मन में जरा भी पुलिस का डर होता, तो वे दिनदहाड़े ऐसी अमानवीय घटना को अंजाम देने की हिम्मत कभी नहीं करते. इस घटना ने आम जनता के बीच असुरक्षा की भावना को बढ़ा दिया है.

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

मामला तूल पकड़ते ही बुलंदशहर पुलिस ने इस घटना का स्वतः संज्ञान लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. स्थानीय पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी धड़पकड़ के लिए विभिन्न ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी दोषी सलाखों के पीछे होंगे.