नोएडा फेज 2 में हिंसक हुआ प्रदर्शन, कर्मचारियों ने गाड़ियों को किया आग के हवाले
उत्तर प्रदेश के नोएडा फेज 2 में तनाव बहुत ज्यादा बढ़ चुका है. यहां पर फैक्टरी कर्मचारियों ने वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया. यह प्रदर्शन बेहद ही हिंसक हो चुका है.
नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा फेज 2 में तनाव बहुत ज्यादा बढ़ चुका है. यहां पर फैक्टरी कर्मचारियों ने वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया. यह प्रदर्शन बेहद ही हिंसक हो चुका है. प्रदर्शनकारियों ने गाड़ियों में तोड़फोड़ की, संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया और पत्थरबाजी की, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
भीड़ को कंट्रोल करने के लिए पुलिस मौके पर पहुंच गई. लोगों को रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल किया. वहीं, स्थिति को काबू में करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. विरोध प्रदर्शन कर रहे कर्मचारी कई सुविधाओं की मांग कर रहे हैं.
किन सुविधाओं की मांग कर रहे कर्मचारी:
कर्मचारी कई सुविधाओं की मांग कर रहे थे, जिनमें बोनस पेमेंट, वीकली छुट्टियां, ओवरटाइम सैलरी और समय पर सैलरी मिलना शामिल था. वे यौन उत्पीड़न समिति, शिकायत निवारण प्रकोष्ठ और सही सैलरी स्लिप्स के गठन की भी मांग कर रहे थे. बता दें कि हिंसा से ठीक एक दिन पहले, नोएडा के जिलाधिकारी ने इंडस्ट्रियल सेक्टर में शांति बनाए रखने के लिए श्रम विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक हाई लेवल बैठक की थी.
अधिकारियों ने आश्वासन देते हुए कहा है कि इन मुद्दों को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने की कोशिश की जा रही है. बता दें कि यह घटना नोएडा में इंडस्ट्रियल कर्मचारियों के बीच सही सैलरी और काम करने की बेहतर स्थितियों को लेकर बढ़ रही परेशानियों को दिखाती है.