पेट्रोल के नाम पर गाड़ियों में भर दिया पानी, ग्रेटर नोएडा के इंडियन ऑयल पंप पर बड़ा बवाल; जांच शुरू

ग्रेटर नोएडा के एक इंडियन ऑयल पंप पर पेट्रोल के नाम पर गाड़ियों में पानी भरा जा रहा था. इसका पता चलते ही पूरे क्षेत्र में बवाल मच गया.

X
Ashutosh Rai

ग्रेटर नोएडा: अगर आप भी पेट्रोल पंप पर तेल भरवाते समय ध्यान नहीं देते हैं, तो सावधान हो जाएं. ग्रेटर नोएडा से एक बेहद हैरान करने वाला और गंभीर मामला सामने आया है. शहर के ऐच्छर स्थित एक इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर पेट्रोल के साथ पानी मिलाकर बेचने का भंडाफोड़ हुआ है. इस मिलावटी ईंधन को डलवाने के बाद जब दर्जनों गाड़ियां बीच सड़क पर खराब होकर बंद पड़ने लगीं, तो गुस्साए वाहन चालकों ने पंप पर जमकर हंगामा किया. हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने तुरंत एक्शन लिया है.

कैसे पेट्रोल में मिला पानी?

जानकारी के मुताबिक, यह पेट्रोल पंप सीधे कंपनी द्वारा संचालित किया जाता है. बताया जा रहा है कि 23 मार्च की रात को भारी बारिश के बीच पेट्रोल की सप्लाई लेकर आ रहा एक टैंकर पंप की दीवार से टकरा गया था. इस हादसे में टैंकर क्षतिग्रस्त हो गया और उसके अंदर बारिश का पानी भर गया.

शुद्ध पेट्रोल में पानी मिक्स

यहां सबसे बड़ी और हैरान करने वाली लापरवाही पेट्रोल पंप के कर्मचारियों की तरफ से हुई. टैंकर में पानी घुसने की आशंका के बावजूद उन्होंने बिना किसी जांच के पूरा टैंकर पंप के मुख्य अंडरग्राउंड टैंक में खाली कर दिया. नतीजा यह हुआ कि हजारों लीटर शुद्ध पेट्रोल में पानी मिक्स हो गया.

बीच सड़क पर गाड़ियां खराब होने से खुला राज

इस घोर लापरवाही का खुलासा अगली सुबह हुआ. जब ग्राहकों ने अपनी कारों और बाइकों में यहां से पेट्रोल भरवाया, तो कुछ ही दूर जाने के बाद उनके इंजनों ने काम करना बंद कर दिया. मैकेनिक ने जब जांच की तो पता चला कि गाड़ियों की टंकियों में पेट्रोल से ज्यादा पानी भरा हुआ है. धोखाधड़ी का अहसास होते ही पीड़ितों ने पंप पर पहुंचकर भारी बवाल काटा और प्रशासन से शिकायत की.

IOCL को थमाया सख्त नोटिस

शिकायत मिलते ही बाट-मापतौल विभाग और जिला आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंच गई. टीम ने तुरंत पंप से बिक्री रोककर पेट्रोल के नमूने जांच के लिए कब्ज़े में ले लिए हैं. जिला प्रभारी आपूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम ने बताया कि इस पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट जिलाधिकारी मेधा रूपम को सौंप दी गई है. साथ ही इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड को सख्त नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है.

ग्राहकों को मिलेगा मुआवजा

इस लापरवाही के शिकार हुए लोगों के लिए प्रशासन ने राहत की बात कही है. फिलहाल वाहन चालकों को पेट्रोल के पैसे रिफंड कराए जा रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि IOCL का जवाब आने के बाद, पानी मिले पेट्रोल की वजह से जिन लोगों की गाड़ियों के इंजन में खराबी आई है, उन्हें उचित मुआवजा भी दिलाया जाएगा.