'घर की याद नहीं आई तुझे जस्सी?'; 'धुरंधर 2' के अभिनेता उदयबीर संधु उर्फ पिंडा का डायलॉग सोशल मीडिया पर छाया!
फिल्म में रणवीर सिंह के साथ एक छोटे लेकिन पावरफुल रोल में नजर आए उदयबीर संधु (जो पिंडा के नाम से मशहूर हो गए) का एक डायलॉग अब हर तरफ वायरल हो रहा है. डायलॉग की डिलीवरी इतनी प्रभावशाली है कि सिनेमाघरों में दर्शक तालियां बजाने लगते हैं. सोशल मीडिया पर लोग इस डायलॉग पर रील्स बना रहे हैं.
मुंबई: बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म धुरंधर: द रिवेंज के इंटरवल ब्लॉक ने दर्शकों का दिल जीत लिया है. फिल्म में रणवीर सिंह के साथ एक छोटे लेकिन पावरफुल रोल में नजर आए उदयबीर संधु (जो पिंडा के नाम से मशहूर हो गए) का एक डायलॉग अब हर तरफ वायरल हो रहा है. डायलॉग है – 'घर की याद नहीं आई तुझे जस्सी?' यह लाइन फिल्म के हाई-टेंशन वाले सीक्वेंस में आती है, जहां पिंडा (उदयबीर) अपने पुराने दोस्त जस्सी (रणवीर सिंह का किरदार) से सामना करता है.
'धुरंधर 2' फेम उदयबीर संधु उर्फ पिंडा का डायलॉग सोशल मीडिया पर छाया
डायलॉग की डिलीवरी इतनी प्रभावशाली है कि सिनेमाघरों में दर्शक तालियां बजाने लगते हैं. सोशल मीडिया पर लोग इस डायलॉग पर रील्स बना रहे हैं, मीम्स शेयर कर रहे हैं और यहां तक कि सेलिब्रिटी भी इसका मजाक उड़ा रहे हैं.
एक इंटरव्यू में उदयबीर संधु ने कहा- 'हम जानते थे कि वो सीन बहुत महत्वपूर्ण है, लेकिन इतनी बड़ी प्रतिक्रिया की उम्मीद नहीं थी. मैं अभी भी इसे प्रोसेस कर रहा हूं. दर्शकों ने खासतौर पर उस एक लाइन को पकड़ लिया, यह बहुत एक्साइटिंग है.'
अभिनेता ने आगे बताया कि शुरू में उन्हें अपनी स्क्रीन टाइम को लेकर थोड़ी चिंता थी क्योंकि फिल्म में उनके सीन ज्यादा नहीं थे. लेकिन डायरेक्टर अदित्य धर ने उन्हें पहले ही बता दिया था कि कम सीन होने के बावजूद उनका हर डायलॉग और सीन दमदार होगा.
उदयबीर कहते हैं- 'मैंने सोचा भी नहीं था कि पिंडा का किरदार इतना पसंद किया जाएगा.' उदयबीर संधु ने रणवीर सिंह के साथ काम करने का अनुभव भी शेयर किया. उन्होंने रणवीर को 'ट्रू ब्रदर' बताया और कहा कि बड़े स्टार होने के बावजूद रणवीर कभी एगो नहीं दिखाते थे. सेट पर वे हमेशा उदयबीर को सहज और महत्वपूर्ण महसूस कराते थे. दिलचस्प बात यह है कि उदयबीर संधु मूल रूप से नेशनल लेवल के हॉकी प्लेयर हैं.
अभिनय में आने से पहले उन्होंने 10 साल की मेहनत की, ढेर सारे ऑडिशन दिए और मॉडलिंग से शुरूआत की. पिंडा का रोल करने के लिए उन्होंने 15-16 किलो वजन भी कम किया. फिल्म के इस छोटे से रोल ने उदयबीर को रातोंरात पहचान दिला दी है. सोशल मीडिया पर लोग बार-बार उनका डायलॉग दोहरा रहे हैं. कई लोग कह रहे हैं कि सपोर्टिंग रोल में भी इतना असर छोड़ना आसान नहीं होता.