नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड निवास में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मथुरा लोकसभा क्षेत्र से सांसद एवं प्रसिद्ध अभिनेत्री हेमा मालिनी से शिष्टाचार भेंट की. इस मुलाकात के दौरान दोनों के बीच उत्तराखंड के विकास, पर्यटन संभावनाओं और सांस्कृतिक विरासत को लेकर सार्थक चर्चा हुई.
मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर हेमा मालिनी को उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों के अंब्रेला ब्रांड ‘हाउस ऑफ हिमालय’ के विशेष उपहार भेंट किए. ‘हाउस ऑफ हिमालय’ राज्य के पारंपरिक, जैविक और स्वदेशी उत्पादों को एक मंच पर लाने की पहल है, जिसके माध्यम से स्थानीय कारीगरों, महिलाओं और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को आर्थिक मजबूती प्रदान की जा रही है.
धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत है. उन्होंने बताया कि ‘वोकल फॉर लोकल’ के मंत्र को साकार करते हुए राज्य के हस्तशिल्प, जैविक खाद्य उत्पाद और हर्बल वस्तुओं को बढ़ावा दिया जा रहा है.
वहीं, हेमा मालिनी ने उत्तराखंड सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाते हैं, बल्कि देश की समृद्ध परंपरा और संस्कृति को भी आगे बढ़ाते हैं. उन्होंने ‘हाउस ऑफ हिमालय’ के उत्पादों को सराहनीय बताते हुए इनके व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता पर बल दिया. यह मुलाकात उत्तराखंड के उत्पादों को देशभर में पहचान दिलाने और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.