अब रेलवे स्टेशन पर ही मिलेगा जिले का मशहूर उत्पाद, UP के 24 स्टेशनों पर शुरू होगी खास पहल
यूपी सरकार ने वोकल फॉर लोकल अभियान के तहत एक स्टेशन, एक उत्पाद योजना का विस्तार करते हुए प्रयागराज मंडल के 24 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर स्थानीय उत्पादों की बिक्री और प्रदर्शन की तैयारी शुरू कर दी है.
ट्रेन यात्रियों के लिए सफर अब केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने का माध्यम नहीं रहेगा, बल्कि यह स्थानीय संस्कृति, कला और परंपराओं से रूबरू होने का अवसर भी बनेगा. उत्तर मध्य रेलवे ने वोकल फॉर लोकल अभियान के तहत एक स्टेशन, एक उत्पाद योजना का विस्तार करते हुए प्रयागराज मंडल के 24 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर स्थानीय उत्पादों की बिक्री और प्रदर्शन की तैयारी शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक 15 जून के बाद इन स्टेशनों पर स्थानीय कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों को स्टाल एवं ट्राली आवंटित किए जाने की प्रक्रिया शुरू होगी. इस पहल का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर का बाजार उपलब्ध कराना और यात्रियों को विभिन्न जिलों की विशेष पहचान से जोड़ना है. रेलवे का मानना है कि इससे स्थानीय कारीगरों और बुनकरों को नई आर्थिक संभावनाएं मिलेंगी.
यात्रियों को भी मिलेगा लाभ
योजना के लागू होने के बाद यात्रियों को किसी शहर की खास पहचान वाले उत्पाद खरीदने के लिए बाजारों का रुख नहीं करना पड़ेगा. प्रयागराज जंक्शन और छिवकी स्टेशन पर यात्रियों को मूंज से बनी पारंपरिक डलियां देखने और खरीदने का अवसर मिलेगा. वहीं मीरजापुर और विंध्याचल स्टेशन पर विश्वप्रसिद्ध हस्तनिर्मित कालीन और दरियां उपलब्ध होंगी. इसी तरह कानपुर सेंट्रल पर चमड़े के उत्पाद, अलीगढ़ स्टेशन पर प्रसिद्ध ताले, हाथरस में हींग, मैनपुरी में तारकशी कला से जुड़े उत्पाद और खुर्जा स्टेशन पर चीनी मिट्टी के आकर्षक बर्तन यात्रियों को स्थानीय संस्कृति का अनुभव कराएंगे. रेलवे का प्रयास है कि प्रत्येक स्टेशन अपने जिले की विशिष्ट पहचान को प्रदर्शित करे.
Also Read
स्थानीय लोगों का होगा फायदा
एक स्टेशन, एक उत्पाद योजना का प्रमुख उद्देश्य स्थानीय कारीगरों, बुनकरों, स्वयं सहायता समूहों और हस्तशिल्प से जुड़े लोगों को सीधा बाजार उपलब्ध कराना है. केंद्र सरकार ने वर्ष 2022-23 के बजट में इस योजना की घोषणा की थी, जिसे अब चरणबद्ध तरीके से रेलवे स्टेशनों पर लागू किया जा रहा है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह योजना न केवल स्थानीय उत्पादों की बिक्री बढ़ाएगी बल्कि छोटे उद्यमियों को भी अपने उत्पाद देशभर के यात्रियों तक पहुंचाने का अवसर देगी.
प्रयागराज मंडल के जिन 24 प्रमुख स्टेशनों को इस योजना के लिए चुना गया है उनमें सोनभद्र, मीरजापुर, विंध्याचल, चुनार, मानिकपुर, प्रयागराज-छिवकी, फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, पनकीधाम, कानपुर अनवरगंज, फफूंद, मैनपुरी, हाथरस, अलीगढ़, भोगगांव, अचल्दा, झिंझक, रूरा, भरथना, दादरी, डावर, इटावा, खुर्जा और शिकोहाबाद शामिल हैं. इन सभी स्टेशनों पर विशेष कियोस्क और स्टाल स्थापित किए जाएंगे, जहां स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री होगी. इससे स्टेशन यात्रियों के लिए एक छोटे स्थानीय बाजार की तरह कार्य करेंगे.