आज से कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दौड़ेंगी रोडवेज बसें! जानिए किराया, समय और स्टॉपेज की पूरी डिटेल
कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर आज से यूपी रोडवेज की बस सेवा शुरू हो गई है. आलमबाग से झकरकटी बस अड्डे तक 90 किलोमीटर का सफर अब करीब पौने दो घंटे में पूरा होगा. प्रति यात्री किराया 151 रुपये तय किया गया है.
उत्तर प्रदेश के यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार से यूपी रोडवेज की साधारण बस सेवा शुरू हो रही है. एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के करीब 13 दिन बाद परिवहन निगम ने बस संचालन का फैसला लिया है. इससे दोनों शहरों के बीच सफर पहले के मुकाबले तेज और सुविधाजनक होगा. शुरुआती चरण में बसों की संख्या सीमित रहेगी, लेकिन यात्रियों की संख्या बढ़ने पर सेवाओं का विस्तार किया जाएगा.
शुरुआती दौर में चलेंगी दो बसें
परिवहन निगम के अनुसार, आलमबाग बस टर्मिनल से रोजाना सुबह 7 बजे और 8 बजे चारबाग डिपो की बसें रवाना होंगी. फिलहाल एक्सप्रेसवे पर दो साधारण बसों का संचालन शुरू किया जा रहा है. चारबाग डिपो के एआरएम बनारसी राम ने बताया कि यदि यात्रियों की मांग बढ़ती है तो भविष्य में बसों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी.
नई बस सेवा के तहत बसें लखनऊ के आलमबाग बस टर्मिनल से चलकर कानपुर के झकरकटी बस अड्डे तक जाएंगी. दोनों शहरों के बीच करीब 90 किलोमीटर की दूरी अब लगभग पौने दो घंटे में पूरी की जा सकेगी. इससे रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को काफी सुविधा मिलेगी.
Also Read
- UP Weather Update: आज से बदलेगा यूपी का मौसम! 19 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, कई इलाकों में बिजली गिरने की चेतावनी
- Kriti Sanon Birthday: इंजीनियरिंग छोड़ बनीं बॉलीवुड स्टार! कृति सेनन की जिंदगी से जुड़ी 5 बातें शायद ही जानते होंगे आप
- KYC मैसेज से रहें सावधान! एक क्लिक से खाली हो सकता है बैंक खाता; RBI ने किया सतर्क
कितना होगा किराया?
यूपी रोडवेज ने इस रूट के लिए किराया भी तय कर दिया है.
- आलमबाग से मोहनलालगंज: ₹20
- बनी कट: ₹24
- उन्नाव कट: ₹64
- आजाद मार्ग: ₹73
- कानपुर (झकरकटी): ₹151
यात्रियों को यात्रा की दूरी के अनुसार किराया देना होगा.
इन तीन जगहों पर रुकेगी बस
एक्सप्रेसवे पर चलने वाली रोडवेज बसों का तीन प्रमुख स्थानों पर ठहराव होगा—
- मोहनलालगंज
- बनी कट
- उन्नाव कट
इन स्टॉपेज पर यात्री बस में चढ़ और उतर सकेंगे.
आगे और बढ़ सकती हैं सेवाएं
क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन ने बताया कि चारबाग, उपनगरीय और बाराबंकी डिपो से भी बस संचालन के लिए प्रस्ताव और समय सारिणी मांगी गई थी. फिलहाल केवल उपनगरीय डिपो का प्रस्ताव प्राप्त हुआ है. यदि यात्रियों की संख्या बढ़ती है और अन्य डिपो से भी प्रस्ताव मिलते हैं, तो आने वाले समय में इस एक्सप्रेसवे पर रोडवेज की बस सेवाओं का विस्तार किया जा सकता है.