Rakshabandhan 2026

यूपी में मानसून का डबल अटैक, आज से कई जिलों में झमाझम बारिश और तेज आंधी की चेतावनी

उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार से लखनऊ समेत करीब 30 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.

ANI
Reepu Kumari

उत्तर प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है. पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी और उमस से राहत मिली है. मौसम विभाग ने गुरुवार से बारिश की गतिविधियां और तेज होने का अनुमान जताया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार लखनऊ समेत करीब 30 जिलों में भारी बारिश की संभावना है. इसके अलावा लगभग इतने ही जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और वज्रपात की भी आशंका है. लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है.

पूर्वी और पश्चिमी यूपी दोनों क्षेत्रों पर असर

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार सक्रिय निम्न दबाव क्षेत्र और मानसूनी ट्रफ के प्रभाव से अगले तीन दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है. पूर्वी उत्तर प्रदेश के वाराणसी, गोरखपुर, देवरिया, बलिया, आजमगढ़, प्रयागराज, अयोध्या और आसपास के जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिले भी इसकी चपेट में रहेंगे.

इन जिलों में तेज बारिश और आंधी की संभावना

मेरठ, हापुड़, नोएडा, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बागपत, आगरा और आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ आंधी चलने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग का अनुमान है कि लगातार वर्षा के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में सात डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है.


चित्रकूट में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज

बुधवार को चित्रकूट में सबसे अधिक 144 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा बदायूं में 94 मिलीमीटर और सिद्धार्थनगर में 72.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई. प्रदेश के करीब 55 जिलों में हल्की से लेकर भारी बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों को राहत मिली.

जलभराव और वज्रपात को लेकर चेतावनी

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव हो सकता है. तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाओं से जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है. ऐसे में खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और खुले स्थानों में न रुकने की सलाह दी गई है.

तापमान में आई बड़ी गिरावट

लगातार बारिश का असर तापमान पर भी दिखाई दिया है. बुधवार को प्रदेश के 50 जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया. पांच जिलों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से भी कम रहा. लखनऊ में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री और न्यूनतम 27.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है.