उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम का हाल बदला-बदला नजर आ रहा है. मानसूनी ट्रफ लाइन प्रदेश के ऊपर से गुजर रही है, जिसके कारण पूर्वी यूपी से लेकर पश्चिमी यूपी तक मौसम में बदलाव देखने को मिला है.
पश्चिमी यूपी के कई जिलों में शुक्रवार शाम से शुरू हुआ बादल और बारिश का दौर शनिवार सुबह तक जारी रहा. वहीं पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में भी बूंदाबांदी और हल्की बारिश दर्ज की गई.
मौसम विभाग का कहना है कि रविवार को भी रुक-रुककर बारिश का सिलसिला कुछ इलाकों में जारी रह सकता है. शनिवार को हुई बारिश के कारण लोगों को काफी राहत मिली है. मिली जानकारी के मुताबिक मवाना में प्रदेश की सबसे ज्यादा 190 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. वहीं मेरठ में भी दोपहर तक 59.3 मिलीमीटर पानी बरसा. मेरठ में अगस्त महीने में अब तक 377.9 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है. यह सामान्य बारिश से करीब 73 फीसदी अधिक है. अगस्त में यहां औसतन 217.9 मिलीमीटर बारिश होती है, लेकिन इस बार यह आंकड़ा काफी पहले ही पार हो चुका है.
बारिश का असर तापमान के साथ वायु की गुणवत्ता पर भी साफ नजर आया. शनिवार को मेरठ में अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा. दिन का तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री कम दर्ज किया गया. बारिश के बाद मेरठ का वायु गुणवत्ता सूचकांक 68 पर पहुंच गया, जो संतोषजनक श्रेणी में है. सुहावने मौसम से लोगों को काफी राहत मिली है.
मौसम विभाग के अनुसार रविवार से पूर्वी यूपी में आसमान अपेक्षाकृत साफ रहने की संभावना है. हालांकि हल्के बादल छाए रह सकते हैं और कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हो सकती है. पश्चिमी यूपी में भी अगले कुछ दिनों तक कुछेक इलाकों में छुटपुट बारिश जारी रहने के आसार हैं, जबकि ज्यादातर स्थानों पर मौसम शुष्क रह सकता है. फिलहाल मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए प्रदेश में किसी बड़े खतरे या विशेष चेतावनी की घोषणा नहीं की है.