देश के कई हिस्सों में आज जमकर बारिश होने वाली है. मौसम विभाग ने 23 अगस्त को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड समेत कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी है.
मौसम विभाग की ओर से भारत के पूर्वी हिस्से में बारिश के साथ बिजली चमकने और वज्रपात का खतरा भी है. वहीं, पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन की घटनाएं लोगों की मुश्किलों को बढ़ा सकती है.
दिल्ली में भी आज बारिश की संभावना जताई गई है. हालांकि, दिन के समय गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है. उत्तर प्रदेश के नोएडा, मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, प्रयागराज और गोरखपुर में बारिश और आंधी का अलर्ट है. इन इलाकों में तेज हवाएं लोगों की मुसीबत बढ़ा सकती है. वहीं बिहार के जहानाबाद, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गया, बक्सर, सिवान, भोजपुर, वैशाली, मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवा की चेतावनी है. झारखंड के हजारीबाग, रांची, रामगढ़, बोकारो और खूंटी में तेज बारिश के साथ आंधी की संभावना है.
पहाड़ी राज्यों की बात करें तो उत्तराखंड में 23 और 24 अगस्त को बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, ऋषिकेश, हरिद्वार समेत कई जिलों में मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं हिमाचल प्रदेश के शिमला, कांगड़ा, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, सोलन और चंबा में भी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है. जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, बारामूला, अनंतनाग, जम्मू, डोडा और किश्तवार में भी भारी बारिश की संभावना है. साथ ही पंजाब के गुरदासपुर, अमृतसर, मनसा और कपूरथला में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है.
राजस्थान के भरतपुर, उदयपुर और दौसा में बारिश और आंधी की संभावना है. दूसरी ओर जैसलमेर, जोधपुर और बाड़मेर में गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं. मध्य प्रदेश में शहडोल, सिवनी, बालाघाट, छिंदवाड़ा, सतना और डिंडोरी में अगले दो दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार असम और आसपास के क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इसके अलावा बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से में बंगाल तट के पास भी ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है. जिसकी वजह से मौसम में बदलाव की संभावना है.