UP में मानसून की रफ्तार तेज! अयोध्या, मेरठ समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय बना हुआ है. मौसम विभाग ने कई जिलों में मध्यम से लेकर अत्यधिक भारी बारिश और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है. 20 अगस्त तक प्रदेश में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है
उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता के चलते कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने मैनपुरी, एटा, कासगंज, अयोध्या, बस्ती, गोंडा, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, मेरठ, बिजनौर और मुजफ्फरनगर में मध्यम बारिश की संभावना जताई है. इसके साथ ही कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है.
विभाग के मुताबिक फिरोजाबाद, बाराबंकी, कन्नौज, हरदोई, फर्रुखाबाद, बहराइच, श्रावस्ती, शाहजहांपुर, बदायूं, संभल, अमरोहा, मुरादाबाद और सहारनपुर समेत आसपास के इलाकों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है.
पूर्वांचल और बुंदेलखंड में भारी बारिश का खतरा
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 19 अगस्त की सुबह साढ़े आठ बजे से 20 अगस्त की सुबह साढ़े आठ बजे तक प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है. जिसमें बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, संत रविदास नगर और महोबा में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश की आशंका है. वहीं फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, जौनपुर, हमीरपुर और ललितपुर में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है. कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर और झांसी में भी तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है.
Also Read
20 अगस्त तक सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में मानसून की गतिविधियां फिलहाल कमजोर होती नहीं दिख रही हैं. 20 अगस्त तक कई इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. वहीं लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है. प्रयागराज समेत कुछ इलाकों में लगातार बारिश के कारण पहले से ही जलभराव की समस्या सामने आ चुकी है. ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
मौसम विभाग ने लोगों से भारी बारिश और गरज-चमक के दौरान सतर्क रहने की अपील की है. जलभराव वाले रास्तों और तेज बहाव वाले नालों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है. बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों पर रहने से भी बचना जरूरी है. खासकर भारी बारिश वाले जिलों में लोगों को मौसम की ताजा जानकारी लेते रहने और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है.