UP में वोटरों की संख्या 13.58 करोड़ के पार, नई लिस्ट में जुड़े 18.84 लाख मतदाता

UP Voter List 2026: उत्तर प्रदेश में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 13.58 करोड़ से ज्यादा हो गई है. मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट के मुताबिक, राज्य में 18.84 लाख से अधिक नए मतदाता जुड़े हैं.

Pinterest
Shilpa Srivastava

UP Voter List 2026: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है. चुनाव आयोग ने मंगलवार, 17 नवंबर को राज्य की नई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी है. इसके मुताबिक, यूपी में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 13.58 करोड़ से ज्यादा हो गई है. पिछली वोटर लिस्ट के मुकाबले करीब 18.84 लाख नए मतदाता जुड़े हैं. उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी.

यूपी में कितने पुरुष और महिला वोटर?

चुनाव आयोग की नई ड्राफ्ट लिस्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश में कुल 13,58,68,905 मतदाता हैं. इनमें 7,38,58,510 पुरुष और 6,20,06,353 महिला मतदाता शामिल हैं. इसके अलावा 18 से 19 साल की उम्र के 11,83,352 युवा मतदाताओं के नाम भी सूची में दर्ज हैं. इससे पहले 10 अप्रैल को जारी वोटर लिस्ट में कुल 13,39,84,792 मतदाता थे. यानी नई सूची में 18,84,113 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है.


अनुमानित आबादी के मुकाबले कम हैं वोटर:

आंकड़ों के मुताबिक, जनसंख्या के अनुमान के हिसाब से उत्तर प्रदेश में करीब 2.58 करोड़ कम मतदाता दर्ज हैं. अनुमान के अनुसार, राज्य में लगभग 8.32 करोड़ पुरुष मतदाता होने चाहिए, जबकि ड्राफ्ट लिस्ट में इनकी संख्या करीब 7.38 करोड़ है. इसी तरह, महिलाओं की अनुमानित संख्या 7.84 करोड़ बताई गई है, जबकि वोटर लिस्ट में करीब 6.20 करोड़ महिला मतदाता दर्ज हैं.

कब आएगी यूपी की फाइनल वोटर लिस्ट?

चुनाव आयोग ने मतदाताओं को अपने नाम और जानकारी जांचने का मौका दिया है. अगर किसी का नाम छूट गया है या सूची में कोई गलती है, तो वह तय समय के अंदर दावा या आपत्ति दर्ज करा सकता है.

  • ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी: 17 नवंबर 2026

  • दावा और आपत्ति: 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026

  • आपत्तियों का निपटारा: 28 दिसंबर 2026

  • फाइनल वोटर लिस्ट: 4 जनवरी 2027

BJP ने शुरू किया वोटर जोड़ो अभियान:

बीजेपी ने भी यूपी में वोटर एनरोलमेंट यानी नए मतदाताओं को जोड़ने का अभियान शुरू किया है. यह अभियान 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलेगा. पार्टी का लक्ष्य करीब 1.27 करोड़ ऐसे लोगों को मतदाता सूची में शामिल कराने का है, जिनका नाम अभी दर्ज नहीं है. इसके लिए राज्य के 1,73,730 मतदान केंद्रों पर हर बूथ से 50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है.

अब चुनाव आयोग की अंतिम सूची जारी होने के बाद ही साफ होगा कि उत्तर प्रदेश में कुल कितने मतदाता आगामी विधानसभा चुनाव में अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे.