यूपी के शिक्षकों के लिए बड़ी सौगात, 1 करोड़ तक का एक्सीडेंटल बीमा और कैशलेस इलाज की सुविधा

उत्तर प्रदेश सरकार ने शिक्षकों, शिक्षामित्रों और रसोइयों के लिए नई बीमा योजना शुरू की है. इसके तहत पात्र कर्मचारियों को 1 करोड़ रुपए तक का दुर्घटना बीमा और कैशलेस इलाज जैसी कई महत्वपूर्ण सुविधाएं मिलेंगी.

ANI
Kanhaiya Kumar Jha

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के शिक्षकों और शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारियों के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को काशी से नई बीमा योजना की घोषणा करते हुए कहा कि इस तरह की सुविधा देने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है. भारतीय स्टेट बैंक के साथ हुए समझौते के तहत शिक्षकों, शिक्षामित्रों और रसोइयों को दुर्घटना बीमा के साथ कई अतिरिक्त सामाजिक सुरक्षा लाभ भी दिए जाएंगे.

नई योजना के तहत स्थायी शिक्षक और कर्मचारी 10 लाख रुपए का ग्रुप टर्म इंश्योरेंस, 1 करोड़ रुपए का पर्सनल एक्सीडेंट कवर और 1 करोड़ रुपए तक का स्थायी दिव्यांगता बीमा कवर प्राप्त करेंगे. इसके अलावा एयर एक्सीडेंट की स्थिति में 1.60 करोड़ रुपए तक का बीमा भी उपलब्ध होगा.

संविदा और कम वेतन वाले कर्मचारियों को भी लाभ

10 हजार रुपए से अधिक वेतन पाने वाले संविदा कर्मचारियों को 30 लाख से 80 लाख रुपए तक का दुर्घटना बीमा मिलेगा. स्थायी दिव्यांगता पर 30 लाख और आंशिक दिव्यांगता पर 15 लाख रुपए का बीमा कवर दिया जाएगा. वहीं 10 हजार रुपए से कम वेतन पाने वाले कर्मचारियों को 2 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा मिलेगा.


बच्चों की पढ़ाई और कैशलेस इलाज की सुविधा

योजना में कर्मचारी के साथ अनहोनी होने पर बच्चों की पढ़ाई और बेटियों की शादी के लिए आर्थिक सहायता का भी प्रावधान रखा गया है. मुख्यमंत्री ने करीब 12 लाख शिक्षकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा शुरू करने की भी घोषणा की. उन्होंने बताया कि इस पर हर साल लगभग 450 करोड़ रुपए खर्च होंगे, जिसका पूरा भार राज्य सरकार उठाएगी. साथ ही शिक्षकों से बच्चों की बेहतर शिक्षा और विद्यालयों का सकारात्मक माहौल बनाए रखने की अपील भी की.