UP के हर जिले में लगेंगे बड़े शिविर, सरकार का ऐलान... युवाओं और कारीगरों को मिलेगा सीधा फायदा
उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं, कारीगरों, शिल्पकारों और उद्यमियों तक एमएसएमई विभाग की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सभी जिलों में विशेष शिविर आयोजित करने का फैसला किया है.
उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं, कारीगरों, शिल्पकारों और सूक्ष्म उद्यमियों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. एमएसएमई विभाग ने निर्णय लिया है कि प्रदेश के सभी जिलों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे. इन शिविरों के जरिए पात्र लोगों को विभिन्न स्वरोजगार और उद्यमिता योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, ताकि केवल जानकारी के अभाव में कोई भी लाभार्थी सरकारी सहायता से वंचित न रह जाए. एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का प्रचार केवल जिला स्तर तक सीमित न रहे, बल्कि ग्राम पंचायत और विकास खंड स्तर तक प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाए. उन्होंने कहा कि विभाग की हर योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र युवाओं और उद्यमियों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है.
हर जिले में लगाए जाएंगे विशेष शिविर
सरकार के निर्देश के अनुसार प्रत्येक जिले में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे. इन शिविरों में युवाओं, कारीगरों, शिल्पकारों और सूक्ष्म उद्यमियों को विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी. अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि पात्र लोगों को आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की पूरी जानकारी एक ही स्थान पर मिल सके.
इन योजनाओं का होगा व्यापक प्रचार
राज्य सरकार विश्वकर्मा श्रम सम्मान 2.0, एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी), मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) समेत एमएसएमई विभाग की सभी योजनाओं का व्यापक प्रचार करेगी. इन योजनाओं की जानकारी गांव, विकास खंड और जिला स्तर तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा.
Also Read
प्रशिक्षण और स्वरोजगार की होगी निगरानी
बैठक में विभागीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों की गुणवत्ता पर भी चर्चा हुई. अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों का नियमित सत्यापन कराया जाए. साथ ही प्रशिक्षण पूरा करने वाले लाभार्थियों की स्वरोजगार स्थिति का मूल्यांकन भी किया जाए, ताकि योजनाओं के वास्तविक परिणामों का आकलन किया जा सके.
बैंकों में लंबित मामलों की होगी समीक्षा
सरकार ने स्वरोजगार योजनाओं के तहत ऋण वितरण प्रक्रिया को तेज करने पर भी जोर दिया है. अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बैंक स्तर पर लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करें और पात्र युवाओं तथा उद्यमियों को समय पर ऋण उपलब्ध कराएं. इसके अलावा बजट मांग, स्वीकृति और धनराशि आवंटन की प्रक्रिया भी निर्धारित समय सीमा में पूरी करने को कहा गया है.
दिल्ली व्यापार मेले में दिखेगी यूपी की पहचान
बैठक में आगामी 25 से 29 सितंबर तक दिल्ली में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले की तैयारियों की भी समीक्षा की गई. मंत्री ने निर्देश दिए कि मेले में एमएसएमई, ओडीओपी और प्रदेश के पारंपरिक शिल्प उत्पादों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए, ताकि उत्तर प्रदेश के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर पहचान मिल सके.