उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के सिराथू क्षेत्र स्थित बाजार घाट पर एक शुद्धि कार्यक्रम के दौरान एक ही परिवार के चार लोग गंगा नदी में डूब गए. जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान एक-एक करके चार लोग गंगा में डूबने लगे. हादसे के बाद गोताखोरों की मदद से दो लोगों को किसी तरह बाहर निकाला गया.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एंबुलेंस की मदद से दोनों डूबे हुए व्यक्तियों को सीएचसी अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में इलाज के दौरान एक अधेड़ व्यक्ति, जेके मिश्रा की मौत हो गई, जबकि उनके बेटे शिखर मिश्रा की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है.
दो लोग लापता
गंगा नदी में डूबे परिवार के अन्य सदस्य, जय जनार्दन मिश्रा और उनके बेटे छोटू मिश्रा अभी भी लापता हैं. गोताखोरों की एक टीम लगातार नदी में सर्च अभियान चला रही है, लेकिन तीन घंटे के बाद भी पिता-पुत्र का कोई पता नहीं चल सका है. गोताखोरों के प्रयासों के बावजूद नदी में लापता लोगों की तलाश जारी है.
गोताखोर कर रहे तलाश
घटना के बाद से गंगा नदी के किनारे हजारों लोग इकट्ठा हो गए हैं. पुलिस, गोताखोर और नाविक मिलकर लापता व्यक्तियों की तलाश कर रहे हैं. घटना ने क्षेत्र में गहरी चिंता और शोक का माहौल बना दिया है. स्थानीय प्रशासन ने नदी में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के साथ-साथ इस घटना की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है.