लुका-छिपी खेलते समय बेड बॉक्स में छुपी रह गई 2 साल का मौसम, पूरे गांव में ढूंढता रहा परिवार
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में एक 2 साल की बच्ची की मौत हो गई. यह घटना खेल-खेल में हुई, बच्ची लुका-छिपी खेलते हुए बेड बॉक्स में छिप गई थी. इस दौरान दम घुटने से उसकी मौत हो गई.
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना घटी. लुका-छिपा खेलते वक्त दो साल की मासूम की मौत हो गई, इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. रानीगंज थाना क्षेत्र के दुर्गागंज जयरामपुर गांव में रविवार को दोपहर के समय 2 साल की बच्ची की बेड के अंदर फंसकर दम घुटने से जान चली गई.
मिल रही जानकारी के मुताबिक खेल-खेल में बच्ची बेड बॉक्स में छिप गई, घंटों की तलाश के बाद जब उसकी लाश घर के बेड के बॉक्स में मिली तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. इस हादसे ने गांव में शोक की लहर फैला दी है.
क्या है पूरा मामला?
पुलिस ने बताया कि जयरामपुर गांव निवासी शाकिर राइन की दो साल की बेटी रविवार दोपहर घर के अन्य बच्चों के साथ लुका-छिपी खेल रही थी. बच्चे पूरे घर और आंगन में खुशी-खुशी छुप-छुपकर खेल रहे थे. इसी दौरान मासूम बच्ची अचानक सबकी नजरों से गायब हो गई. शुरुआत में परिवार को लगा कि वह कहीं पास में ही छुपी होगी, लेकिन जब काफी देर तक उसकी आवाज नहीं सुनाई दी तो परिवार में हड़कंप मच गया. घर वालों ने पूरे घर का कोना-कोना छान मारा, गांव वाले ने भी मदद करने की कोशिश की. आसपास के इलाकों, बाग-बगीचों और गलियों में खोजबीन शुरू की गई. पास के सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए गए, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला. आखिरकार परिजन दोबारा घर के अंदर लौटे और सामान हटाकर तलाश शुरू की.
बेड बॉक्स में सांस घुटने से बच्ची की मौत
तलाश के दौरान जब कमरे में रखे बेड का बॉक्स खोला गया तो सबके होश उड़ गए. मासूम बच्ची बेड के अंदर बेहोश अवस्था में पड़ी हुई थी. बेड के ऊपर भारी गद्दे और कई बिस्तर रखे होने के कारण अंदर हवा का आना-जाना पूरी तरह बंद हो गया था. बच्ची छुपने के लिए खुद बॉक्स के अंदर चली गई थी, लेकिन भारी गद्दों के दबाव के कारण बाहर नहीं निकल पाई. ऑक्सीजन की कमी से उसकी सांसें थम गईं. हालांकि घर वाले उसे जल्दबाजी में अस्पताल लेकर गएं, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना से पूरे परिवार के साथ पूरा गांव सदमें में है. हालांकि कई लोगों ने इस घटना को परिवार वालों की लापहरवाही बताया.