नोएडा: नोएडा की ट्विशा शर्मा की भोपाल में हुई मौत के मामले में लगातार चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. इस मामले में जहां ट्विशा के मायके वालों द्वारा ससुरालियों पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए जा रहे हैं और न्याय की मांग की जा रही है, वही ससुराल पक्ष द्वारा ट्विशा शर्मा को ड्रग्स एडिक्ट तक करार दिया गया है. वही अब ट्विशा के ससुराल पक्ष के वकील ने ऐसा खुलासा किया है, जिससे इस मामले में नया मोड़ आ गया है.
दरअसल, ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में उनके परिजन लगातार ससुराल वालों की गिरफ़्तारी की मांग कर रहे हैं. इसी बीच सास गिरीबाला सिंह और पति समर्थ सिंह के वकील इनोश जार्ज कारलो ने मायके पक्ष के दहेज को लेकर प्रताड़ित करने के आरोप को ख़ारिज कर दिया है. उनका कहना है कि मायके पक्ष की तरफ से दहेज़ प्रताड़ना के जो आरोप लगाए जा रहे हैं, वो बेबुनियाद हैं.
उनका कहना है कि पिछले चार से पांच महीनों में समर्थ सिंह की ओर से ट्विशा के बैंक खाते में करीब 8 लाख रुपये यूपीआई के जरिए भेजे गए थे, जिसकी रसीद भी कोर्ट में जमा की गई है, तब कैसे मुमकिन है कि 2 लाख की दहेज़ की मांग उससे की जा रही थी. उन्होंने कहा कि ट्विशा को जरुरत के मुताबिक लगातार पैसे दिए गए हैं, इसीलिए उसपर पैसे लेन के लिए दबाव बनाने की बात बिलकुल गलत है.
मायके पक्ष की तरफ से गर्भपात कराने के भी आरोप लगाए गए, जिसे भी वकील ने ख़ारिज कर दिया है. उनका कहना है कि शादी के बाद ट्विशा कई बार अपने माये गई थी, ऐसे में अगर कोई दिक्कत थी तो वो वहां भी रुक सकती थी. उन्होंने कहा कि मौत के बाद अमेज़न से दो पार्सल आए हैं, जिसकी भी जांच होनी चाहिए कि पार्सल किसने भेजे. उन्होंने कहा कि अभी भले ही मामला एकतरफा नजर आ रहा हो, लेकिन जांच में कई ऐसी बातें सामने आएगी, जिससे ये मामला एकतरफा नहीं रह जाएगा.
दरअसल, नोएडा की रहनेवाली ट्विशा शर्मा की शादी दिसम्बर 2025 में हुई थी. शादी के 5 महीने बाद ही वो भोपाल स्थित अपने घर में मृत पाई गयी. ट्विशा के पति समर्थ सिंह वकील हैं, जबकि उनके ससुर रिटायर्ड जज हैं. मौत को लेकर मायके पक्ष का आरोप है कि ट्विशा को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और उसके चरित्र पर भी लांछन लगाए जा रहे थे. मायके पक्ष इसे हत्या मानते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़ी है.